IGIMS में होगा विधायक कोटा ! लालू के विधायक आधी रात को करते हैं नीतीश के मंत्री को फोन... विधानसभा में खुलासा

मंगल पांडेय ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि “चन्द्रशेखर जी हर महीने पैरवी करते हैं—सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक उनकी पैरवी सुनता हूं।”

Bihar Vidhan Sabha - फोटो : news4nation

Bihar Vidhan Sabha : बिहार विधान सभा के शुक्रवार के सत्र में IGIMS में इलाज और बेड उपलब्धता को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली। यहां तक कि मजाकिया व्यंग्य भी हुआ। जदयू के सकरा विधायक आदित्य कुमार ने IGIMS में विधायक कोटा की मांग उठाते हुए कहा कि फोन करने के बावजूद मरीजों को बेड नहीं मिल पाता है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने जवाब देते हुए कहा कि जब बेड खाली रहेंगे तभी मरीजों को जगह मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधायकों के आग्रहों को प्राथमिकता से देखा जाता है। मंत्री ने यह भरोसा दिलाया कि IGIMS में जल्द ही 2400 नए बेड जोड़े जाएंगे।


बहस के दौरान राजद विधायक चन्द्रशेखर ने सवाल उठाया कि AIIMS पटना में विधायकों को कुछ विशेष सुविधाएं मिलती हैं, तो क्या IGIMS में भी बिहार के विधायकों के लिए ऐसी व्यवस्था संभव होगी। इस पर मंत्री मंगल पांडेय ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि “चन्द्रशेखर जी हर महीने पैरवी करते हैं—सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक उनकी पैरवी सुनता हूं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि फोन पर जो कहा जाता है, उसे सदन में बोलने से राजद को बुरा लग सकता है।


इसके बाद सत्ताधारी दल के कुछ विधायकों ने भी प्राथमिकता दिए जाने की मांग रखी। इस पर मंत्री विजय चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के सदस्यों को ईर्ष्या हो रही है। बहस के बीच माहौल तब हल्का हो गया जब राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने मजाकिया अंदाज में कहा—“चन्द्रशेखर जी के पास भाभी जी का नंबर तो नहीं? क्योंकि हमारी तो सुनी नहीं जाती।”


IGIMS में इलाज, बेड की उपलब्धता और विधायकों की प्राथमिकता को लेकर हुई इस बहस में तीखे तर्कों के साथ-साथ हास्य-व्यंग्य भी देखने को मिला, जिससे सदन का माहौल कुछ देर के लिए हल्का हो गया।