Bihar News: फतुहा की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिले जदयू नेता मोनी सिंह, सड़क चौड़ीकरण और स्कूलों के पुनर्निर्माण की उठाई मांग
Bihar News:जनता दल (यू) की राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य श्याम सुन्दर कुमार उर्फ मोनी सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर फतुहा विधानसभा क्षेत्र की गंभीर आधारभूत समस्याओं को लेकर मांग-पत्र सौंपा है।...
Bihar News:जनता दल (यू) की राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य श्याम सुन्दर कुमार उर्फ मोनी सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर फतुहा विधानसभा क्षेत्र की गंभीर आधारभूत समस्याओं को लेकर मांग-पत्र सौंपा है। उन्होंने क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण, जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण और विद्यार्थियों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मोनी सिंह ने मुख्यमंत्री से जनहित से जुड़े इन मामलों में संबंधित विभागों को अविलंब कार्रवाई का निर्देश देने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में सबसे पहले राज्य उच्च पथ संख्या-78 यानी बिहटा-सरमेरा पथ के चौड़ीकरण का मामला उठाया गया। मोनी सिंह के अनुसार, फतुहा प्रखंड के सैदनपुर से दनियावां तक फोर-लेन सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण किया जा चुका है, लेकिन अब तक केवल दो-लेन सड़क का निर्माण हुआ है। जबकि सैदनपुर से आगे छह-लेन सड़क उपलब्ध है। सड़क की चौड़ाई में इस असमानता के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस मार्ग पर अब तक करीब 200 छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने सड़क का अविलंब चौड़ीकरण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में दूसरा महत्वपूर्ण मुद्दा मसाढ़ी पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की बदहाल स्थिति का है। मोनी सिंह ने बताया कि 8 जुलाई 2024 को विद्यालय की छत गिरने से कई विद्यार्थी घायल हो गए थे। इसके बाद उत्क्रमित मध्य विद्यालय, महादलित विद्यालय और उच्च माध्यमिक विद्यालय को पंचायत भवन में स्थानांतरित करना पड़ा। इससे न केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि पंचायत के प्रशासनिक कार्यों में भी परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध है, इसलिए नए भवन का निर्माण शीघ्र कराया जाना चाहिए।
इसके अलावा मराची पंचायत के दौलतपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। भवन की खराब स्थिति के कारण वहां पठन-पाठन बंद है और छोटे बच्चों को शिक्षा के लिए दूसरे गांवों में जाना पड़ता है। विडंबना यह है कि जिस भवन में बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित नहीं है, उसी का उपयोग निर्वाचन के दौरान मतदान केंद्र के रूप में किया जाता है।
मोनी सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि फतुहा क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क, सुरक्षित विद्यालय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधा मिल सके।