RJD को बड़ा झटका, BJP में शामिल हुए लालू की पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी
Bihar News : बिहार की राजनीति में शुक्रवार को एक और बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। मृत्युंजय तिवारी ने हाल ही में राष्ट्रीय जनता दल से इस्तीफा दिया था। इस्तीफा देते समय उन्होंने पार्टी में लगातार हो रही उपेक्षा, अपमान और अपनी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया था।
लंबे समय तक RJD का प्रमुख चेहरा रहे तिवारी
मृत्युंजय तिवारी लंबे समय तक राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल रहे। पार्टी से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा था कि वर्ष 2014 में जब राजद मुश्किल दौर से गुजर रही थी, तब पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने दावा किया था कि इस जिम्मेदारी को उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाया और पार्टी की विचारधारा तथा नीतियों को जनता के बीच मजबूती से रखने का काम किया।
‘संकट के समय पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा’
तिवारी ने कहा था कि वर्ष 2022 में जब पार्टी के कई विधायक अलग हो गए थे और संगठन कठिन दौर से गुजर रहा था, उस समय भी उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ पार्टी का पक्ष रखा और संगठन को मजबूती देने का प्रयास किया।
हालांकि, उनका आरोप था कि पिछले सात-आठ महीनों से उनके साथ लगातार उपेक्षापूर्ण और अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा था। उन्होंने कहा था कि इस रवैये से वे बेहद आहत थे और इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया। अब राजद से इस्तीफे के बाद मृत्युंजय तिवारी का बीजेपी में शामिल होना बिहार की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी उनके इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।