नवादा में आसमान से बरसी मौत : वज्रपात से 4 की दर्दनाक मौत, 2 महिलाएं गंभीर रूप से झुलसीं

नवादा जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली ने जमकर कहर बरपाया। दोपहर में अचानक हुई वज्रपात की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय बच्चे और तीन किसानों की मौत हो गई। जबकि 2 महिलाएं गंभीर रुप से झुलस गई.....

नवादा में आसमान से बरसी मौत : वज्रपात से 4 की दर्दनाक मौत, 2
नवादा में आकाशीय बिजली का कहर- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत सांगोवर गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक बड़ा और हृदयविदारक हादसा हो गया। यहां खेत में काम कर रहे लोग अचानक मौसम बिगड़ने पर बारिश से बचने के लिए एक बड़े पेड़ के नीचे शरण लिए हुए थे। इसी दौरान कड़कड़ाती धूप और बारिश के बीच तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली आ गिरी, जिसकी चपेट में आने से 4 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।


मृतकों में तीन किसान और एक 12 वर्षीय बच्चा शामिल

इस भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों में तीन स्थानीय किसान और एक नाबालिग बच्चा शामिल है। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय शंभू कुमार (पिता- स्व. चंद्रिका यादव), 50 वर्षीय मदन राजवंशी (पिता- मुनेश्वर राजवंशी), 50 वर्षीय भुवनेश्वर राजवंशी (पिता- दुखन राजवंशी) तथा 12 वर्षीय मासूम सोनू कुमार (पिता- मिथिलेश प्रसाद) के रूप में हुई है। वहीं झुलसी हुई महिलाओं में सुनीता देवी (पति- स्व. गोविंद यादव) और शोभी देवी (पति- ललित यादव) शामिल हैं।


सांगोवर गांव में छाया मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की भनक लगते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों की मदद से सभी हताहतों को तुरंत इलाज के लिए नारदीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। झुलसी दोनों महिलाओं का इलाज अस्पताल में जारी है। एक ही गांव में एक साथ चार मौतों की खबर मिलते ही सांगोवर गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।


प्रशासन ने की घटना की पुष्टि, मुआवजे का दिया आश्वासन

स्थानीय प्रशासन ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि आपदा प्रबंधन नियमों के तहत सभी मृतक परिवारों को देय सरकारी मुआवजा और आर्थिक सहायता जल्द से जल्द प्रदान की जाएगी, वहीं घायल महिलाओं को समुचित इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।


मौसम विभाग की पेड़ के नीचे शरण न लेने की अपील

इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश या तूफान के दौरान कभी भी खुले खेतों में किसी पेड़ के नीचे शरण न लें, क्योंकि ऐसे समय में पेड़ के पास वज्रपात की संभावना सबसे अधिक होती है। उधर, मौसम विभाग ने भी नवादा सहित आसपास के जिलों में अगले कुछ दिनों तक गर्जना और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

अमन सिन्हा की रिपोर्ट