Bihar News: पटना में फिल्मी अंदाज में करोड़ों की लूट, पुलिस ने कार किया बरामद, कस्टम अधिकारी बन बदमाशों ने दी घटना को अंजाम

Bihar News: राजधानी पटना में बीती रात अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर करोड़ों की लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। पुलिस आरोपी के कार को बरामद कर लिया है।

पुलिस ने बरामद किया कार - फोटो : social media

Bihar News: राजधानी पटना के खगौल इलाके में अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए स्वर्ण कारोबारियों से करोड़ों रुपये का सोना लूट लिया। खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताकर बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, गुजरात के राजकोट से ट्रेन संख्या 19483 से दानापुर स्टेशन पहुंचे दो स्वर्ण व्यवसायी महेश (35) और प्रिंस (25) रात में स्टेशन से टेम्पो के जरिए अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे।

कस्टम अधिकारी बनकर लूट 

इसी दौरान खगौल-लख के पास मोटरसाइकिल और कार से आए 3-4 बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए दोनों को जबरन अपनी कार में बैठा लिया और नौबतपुर नहर के पास ले गए। वहां बदमाशों ने उनके पास मौजूद कथित तौर पर करीब 16 किलोग्राम सोना लूट लिया और दोनों को सड़क पर फेंककर फरार हो गए।

विशेष जांच टीम का गठन 

घटना 4 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की निगरानी में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (दानापुर-1)  शिवम धाकड़ ने बताया कि पीड़ित कारोबारी खगौल स्टेशन पर उतरे थे, जहां अज्ञात अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर धमकाया और सोना लेकर फरार हो गए। 

पुलिस ने कार को किया बरामद 

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को बरामद कर लिया है, जो चोरी की बताई जा रही है। पुलिस तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। वहीं, राजकोट से मुख्य गोल्ड सप्लायर सुनील भी पटना पहुंच चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है। 

पटना से अनिल की रिपोर्ट