संदिग्ध परिस्थिति में मिला वृद्ध का नग्न शव, हत्या या हादसा के बीच उलझी पुलिस

रोहतास जिले के सासाराम अंतर्गत संझौली थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में गुरुवार को संदिग्ध अवस्था में एक वृद्ध का शव बरामद हुआ। लाश की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हत्या या हादसा दोनो पहलुओं पर जांच मे जुटी है...

संदिग्ध परिस्थिति में मिला वृद्ध का नग्न शव- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के सासाराम अंतर्गत संझौली थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में गुरुवार को संदिग्ध अवस्था में एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दंडवास गांव निवासी सुदामा सिंह के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।


40 वर्षों से कर्मा गांव में रहकर करते थे देखरेख

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुदामा सिंह पिछले करीब 40 वर्षों से संझौली के कर्मा गांव निवासी धनंजय सिंह के घर रहकर मजदूरी और देखरेख का काम करते थे। मकान मालिक के घर पर कोई सदस्य नहीं रहता था, जिसके कारण सुदामा अकेले ही पूरे घर, मवेशी और खेत-खलिहान की जिम्मेदारी संभालते थे। बताया जाता है कि वह गांव में लोगों को ब्याज पर पैसे देने का काम भी करते थे।


शव मिलने के बाद फैली सनसनी, 4-5 दिन पुरानी जताई जा रही मौत

कर्मा गांव स्थित मकान में जब शव बरामद हुआ तो उस समय मृतक के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि मजदूर की मौत चार से पांच दिन पहले ही हो चुकी थी। बंद मकान से दुर्गंध आने या किसी अनहोनी का आभास होने पर जब लोगों ने देखा, तो घटना का खुलासा हुआ।


एफएसएल (FSL) टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी तुरंत मौके पर पहुँची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। संझौली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुट गई है।


हत्या या हादसा? हर पहलू पर पुलिस की नजर

मजदूर के अकेले रहने, ब्याज पर पैसे देने के कारोबार और शव पर कपड़े न होने की परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण हत्या की आशंका भी जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह (हत्या या स्वाभाविक मौत) स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस परिजनों से संपर्क कर हर बिंदु पर जांच आगे बढ़ा रही है।

रंजन की रिपोर्ट