Bihar Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आज पटना आएंगे नितिन नवीन, होगा भव्य स्वागत, सदन की कार्यवाही में हो सकते हैं शामिल

Bihar Politics: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज बिहार दौरे पर आएंगे। नितिन नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना आ रहे हैं ऐसे में उनकी भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।

नितिन नवीन आज आएंगे पटना - फोटो : social media

Bihar Politics:  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार पटना आ रहे हैं। उनके स्वागत को लेकर राजधानी पूरी तरह तैयार है और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका गृह प्रदेश में पहला आगमन है, जिसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की गई है। माना जा रहा कि नितिन नवीन कल सदन की कार्यवाही में भी शामिल हो सकते हैं। नितिन नवीन बांकीपुर से पांचवी बार विधायक बने हैं। 

12 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे नितिन नवीन 

इस संबंध में जानकारी भाजपा के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने दी। उन्होंने बताया कि नितिन नवीन सोमवार को दोपहर 12:15 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। शाम 5 बजे से पार्टी कार्यालय में विधानमंडल दल की बैठक आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों की भी बैठक होगी। 

विधानसभा सत्र में होंगे शामिल

इस दौरान ‘मन की बात’ कार्यक्रम को अपने-अपने मंडलों में सबसे अधिक सुनने और प्रसारित करने वाले मंडल अध्यक्षों को राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया जाएगा। दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन जो बांकीपुर से विधायक भी हैं विधानसभा सत्र में शामिल होंगे। कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वे उसी शाम दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

बापू सभागार में होगा भव्य अभिनंदन समारोह 

पटना के बापू सभागार में उनके सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है। एयरपोर्ट से लेकर बापू सभागार तक जगह-जगह उनके स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर पटना की सड़कों को पोस्टर और बैनरों से सजाया गया है। कई स्थानों पर तोरण द्वार बनाए गए हैं और राजधानी में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का जोश भी चरम पर है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आ रहे पटना

इधर, स्वागत और अभिनंदन समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसनिया ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक में इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया कि अन्य जिलों से आने वाले कार्यकर्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और उनकी सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाए।

जमीनी कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद 

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि बापू सभागार में आयोजित समारोह में राज्य के सभी जिलों से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सीधे जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और संगठन को मजबूत करने का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि यह सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण है और पूरे बिहार के लिए यह सम्मान की बात है कि 45 वर्षीय नितिन नवीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं।

एयरपोर्ट से बापू सभागार से सजी सड़कें 

संजय सरावगी ने यह भी बताया कि अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। पार्टी उनके पहले बिहार आगमन को यादगार और ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। एयरपोर्ट से लेकर बापू सभागार तक की सड़कों को बड़े-बड़े पोस्टर और बैनरों से सजाया गया है और जगह-जगह स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पटना से वंदना की रिपोर्ट