विधान परिषद में नीतीश–राबड़ी के बीच तीखी बहस, खूब बरसे मुख्यमंत्री, जोरदार हंगामे के बीच कार्यवाही स्थगित

सदन में राबड़ी देवी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। दोनों नेता एक-दूसरे की ओर हाथ दिखाते हुए आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे, जिससे माहौल और ज्यादा गरमा गया।

Nitish Kumar and Rabri Devi face-off in the Legislative Council- फोटो : news4nation

Nitish Kumar and Rabri Devi face-off:  बिहार विधान परिषद की कार्यवाही सोमवार को शुरू होते ही सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। दरभंगा से जुड़े मामले को राजद के एमएलसी अब्दुल बारी सिद्दीकी ने उठाया, जिसके बाद राजद के सभी सदस्य अपनी सीटों से खड़े हो गए। विपक्ष ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला।


राजद के एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री के सामने सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में ऐसा कोई जिला नहीं बचा है जहां बच्चियों और महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं नहीं हो रही हैं। राबड़ी देवी ने गृह मंत्री सम्राट चौधरी से भी इस्तीफा देने की मांग कर दी।


पटना, खगड़िया, आरा और दरभंगा की घटनाओं को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरता रहा। सभापति द्वारा बार-बार समझाने के बावजूद विपक्ष शांत नहीं हुआ और प्रश्नकाल नहीं चलने दिया। विपक्षी सदस्य वेल में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे और मुख्यमंत्री के सामने इस्तीफे की मांग दोहराते रहे।


नीतीश का पलटवार 

हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने नारेबाजी कर रहे सदस्यों की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो लोग आज शोर मचा रहे हैं, उन्होंने बिहार के लिए कभी कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य के विकास के लिए व्यापक काम किया है और बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है।


राबड़ी देवी और नीतीश कुमार के बीच तीखी नोकझोंक 

इस दौरान सदन में राबड़ी देवी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। दोनों नेता एक-दूसरे की ओर हाथ दिखाते हुए आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे, जिससे माहौल और ज्यादा गरमा गया। विपक्ष के सदस्य “मुख्यमंत्री हाय-हाय” के नारे लगाते रहे।


 कार्यवाही ढाई बजे तक के लिए स्थगित 

लगातार हंगामे के कारण सभापति अवधेश नारायण सिंह ने बिहार विधान परिषद की कार्यवाही ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दी। हालांकि हंगामे के बीच बिहार नगर पालिका विधि सेवा नियमावली 2025 और बिहार नगर पालिका योजना सेवा नियमावली 2025 की एक-एक प्रति सदन पटल पर रखी गई।

रंजन की रिपोर्ट