परीक्षा देने जा रही छात्राओं की ऑटो और कार में भीषण टक्कर, 8 लोग गंभीर रूप से घायल

इंटर की परीक्षा देने नरकटियागंज जा रही छात्राओं से भरी एक ऑटो में तेज रफ्तार टाटा हैरियर कार ने आमने-सामने की टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 छात्राओं समेत कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं

परीक्षा देने जा रही छात्राओं की ऑटो और कार में भीषण टक्कर, 8

Bettiah - : पश्चिम चम्पारण के लौरिया-नरकटियागंज मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां इंटर की परीक्षा देने जा रही छात्राओं से भरी एक ऑटो और टाटा हैरियर कार के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में 6 छात्राओं सहित कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 

परीक्षा केंद्र जाने के दौरान हुआ हादसा

पश्चिम चम्पारण के लौरिया थाना क्षेत्र के मठिया गांव की छात्राएं सोमवार को अपनी इंटरमीडिएट की द्वितीय पाली की इतिहास की परीक्षा देने नरकटियागंज जा रही थीं। छात्राएं जैसे ही जयमंगलापुर पेट्रोल पंप के समीप पहुंची, नरकटियागंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद रंग की टाटा हैरियर कार ने अनियंत्रित होकर उनके टेम्पू में जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के अनुसार, कार चालक ने अचानक अपनी दिशा बदल दी थी, जिससे यह हादसा हुआ। 

एम्बुलेंस की सक्रियता से बची जान

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि उसी समय लौरिया की एक एम्बुलेंस एक मरीज को छोड़कर वापस लौट रही थी। एम्बुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर सूर्यप्रकाश ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच (GMCH) रेफर कर दिया। 

घायलों की हुई पहचान

इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों की पहचान मठिया गांव निवासी अनिशा कुमारी (16), प्रीति कुमारी (15), पुष्पा कुमारी (18), निप्पू कुमारी (18), रेशमी कुमारी (18) और संगीता कुमारी (18) के रूप में हुई है। इनके साथ ही टेम्पू चालक संदीप कुमार (30) और अभिभावक रामनरेश यादव (40) भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। सभी का इलाज बेतिया में चल रहा है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। 

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

घायल अभिभावक रामनरेश यादव ने बताया कि सभी छात्राएं नरकटियागंज स्थित सेंट्रल स्कूल परीक्षा केंद्र पर इतिहास का पेपर देने जा रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि टेम्पू अपनी सही लेन में था, लेकिन कार चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कार मालिक स्वयं वाहन चला रहा था। पुलिस प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और परिजनों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। 

पुलिसिया कार्रवाई और जांच

मामले की जानकारी देते हुए लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना स्थल शिकारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। हालांकि, घायलों की सहायता के लिए स्थानीय पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई थी। घटना की जानकारी संबंधित थाना को दे दी गई है और पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Report - ashish, bettiah