बिहार विधान परिषद में बनी हाथापाई की नौबत, राबड़ी देवी के नेतृत्व में राजद सदस्य सत्ता पक्ष के आसन तक पहुंचे

Bihar Legislative Council
Bihar Legislative Council - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार विधान परिषद में सोमवार को भोजनावकाश के बाद कार्यवाही शुरू होने पर जमकर हंगामा हुआ. विपक्षी सदस्यों द्वारा सरकार को कानून व्यवस्था पर घेरने की कोशिश की गई. इसे लेकर पहले सदन में राजद के सुनील कुमार और मंत्री अशोक चौधरी के बीच जोरदार बहस हुई. इस दौरान जदयू एमएलसी नीरज कुमार भी राजद को आक्रमक रुख अपनाये. उन्होंने कहा कि राजद वाले कहते हैं कि इस बार के विधानसभा चुनाव में वोट चोरी कर जीता गया तो इस तरह तेजस्वी यादव भी वोट चोरी कर ही जीते.  सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच काफी हंगामा हुआ. 


वहीं सभापति अवधेश नारायण सिंह ने विपक्ष द्वारा कानून व्यवस्था के मुद्दे को सदन में उठाने और इस पर हंगामा करने पर बड़ा सवाल किया. उन्होंने कहा कि सदन नियमों से चलता है. पहले से सबकुछ तय रहता है कि किस मुद्दे पर बात होगी और कौन सदस्य क्या मामला उठाएंगे. ऐसे में बिना नोटिस या सूचना दिए सिर्फ हंगामा करना सही नहीं है. उन्होंने जोरदार तरीके से विपक्षी सदस्यों को लताड़ लगाई. हालांकि उनके इस रुख के बाद भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा. 


इसी बीच सत्ता पक्ष के कुछ सदस्यों द्वारा राबड़ी देवी और लालू-राबड़ी राज के 15 वर्षों पर टिप्पणी करने पर राजद सदस्य बिफर गए. पहले राबड़ी देवी और फिर सभी राजद सदस्य तेजी से सत्ता पक्ष की ओर बढ़े. स्थिति हाथापाई जैसी हो गई. राजद सदस्यों ने वेळ में आकर नारेबाजी शुरू कर दी. सदन में अराजक होती स्थिति को देखते हुए सभापति ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी.