Nitish Kumar Birthday : सीएम नीतीश को मंत्री अशोक चौधरी और वरिष्ठ जदयू नेता छोटू सिंह ने दी जन्मदिन की बधाई, '2025 फिर से नीतीश' का लिया संकल्प
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 75 साल के हो गए हैं. सीएम नीतीश का जन्मदिन है. सीएम को पीएम मोदी से लेकर देश के कई दिग्गज नेताओं ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है.

Nitish Kumar Birthday : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर शनिवार को मंत्री अशोक चौधरी और जदयू के वरिष्ठ नेता छोटू सिंह ने उन्हें बधाई दी. मुख्यमंत्री से उनके कार्यालय में मिलकर अशोक चौधरी और छोटू सिंह ने पुष्प गुच्छ भेंटकर उनके दीर्घायु की मंगलकामना की. गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 75 साल के हो गए हैं. सीएम नीतीश का जन्मदिन है. सीएम को पीएम मोदी से लेकर सभी नेताओं ने जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है.
सीएम नीतीश को बधाई देने के बाद छोटू सिंह ने कहा कि बिहार को नई बुलंदियों पर पहुँचाने वाले सीएम नीतीश कुमार का यह जन्मदिन बेहद खास है. इस वर्ष बिहार में विधानसभा चुनाव है ऐसे में उन्हें बधाई देने के साथ ही जदयू के तमाम कार्यकर्ताओं का संकल्प है कि '2025 फिर से नीतीश' के सपने को साकार किया जाए. नीतीश कुमार के कुशल मार्गदर्शन में बिहार प्रगति की नई उंचाइयों को छुए. वे अभिभावक की तरह बिहार और जदयू को नई दिशा देते रहें.
पीएम मोदी औऱ अन्य नेताओं ने दी बधाई
दरअसल, सीएम नीतीश को बधाई देने वालों में देश के कई दिग्गज राजनेता शामिल रहे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि "बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को उनके जन्मदिन पर ढेरों शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में राज्य विकास के नए पथ पर अग्रसर हुआ है। ईश्वर उन्हें स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन प्रदान करे।"
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि "बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में बिहार में NDA जनकल्याण और सुशासन का पर्याय बना है। आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना करता हूं।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि, "बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार की प्रगति में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके दीर्घायु होने और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।"
नितिन गडकरी ने कहा कि, "बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।"
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सीएम नीतीश को बधाई देते हुए कहा कि, "अंधेरे की गर्त से निकालकर बिहार को अंजोर की ओर ले जाने वाले, बिहार के विकास पुरूष, सुशासन बाबू, जन-जन के प्रिय, लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और अशेष शुभकामनाएँ। प्रभु से आपके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करते हैं। आपके नेतृत्व में बिहार विकास के नव आयाम स्थापित करता रहे।"
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि, "बिहार को कुशासन से सुशासन की ओर ले जाने वाले यशस्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ। ईश्वर से आपके स्वस्थ खुशहाल और दीर्घायु जीवन की कामना है"।
नीतीश कुमार 'सुशासन बाबू' से मुख्यमंत्री तक का सफर
बिहार में 'सुशासन बाबू' के नाम से प्रसिद्ध नीतीश कुमार का जन्म 1 मार्च 1951 को पटना के बख्तियारपुर में हुआ था। उनके पिता राम लखन सिंह स्वतंत्रता सेनानी और गांधीवादी नेता थे।नीतीश कुमार ने बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, पटना से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। लेकिन उनका झुकाव राजनीति की ओर था, और उन्होंने राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण, वी.पी. सिंह जैसे दिग्गज नेताओं के साथ काम किया। 1974-77: जयप्रकाश नारायण के आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।1985 में सीएम नीतीश निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में बिहार विधानसभा चुनाव जीता। 1987 में सीएम युवा लोक दल के अध्यक्ष बने। 1989 में जनता दल बिहार इकाई के महासचिव और नौवीं लोकसभा के सदस्य चुने गए। 1989-2004 में लगातार बाढ़ निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीतते रहे। वहीं 2001-2004 में केंद्र सरकार में रेल और कृषि मंत्री रहे।
बिहार के सात बार मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार अब तक सात बार बिहार के मुख्यमंत्री बन चुके हैं। सीएम नीतीश पहली बार मार्च 2000 में मुख्यमंत्री बने। सीएम नीतीश वाजपेयी सरकार में रेल और कृषि मंत्री रहे। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नेता और एनडीए के अहम चेहरे बने। वहीं 2025 के चुनाव से पहले एनडीए में मुख्यमंत्री पद को लेकर बहस तेज है, लेकिन बीजेपी के शीर्ष नेताओं की शुभकामनाओं से संकेत मिलते हैं कि गठबंधन अब भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगे बढ़ सकता है।