Bihar News: आधी रात को अस्पताल पहुंची सीएम नीतीश की मंत्री लेशी सिंह, डॉक्टरों पर लगाया नशे में ड्यूटी करने का आरोप, मचा हड़कंप
Bihar News: बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह आधी रात को अस्पताल पहुंची। अस्पताल में उन्होंने एक डॉक्टर पर हालत में ड्यूटी करने का आरोप लगाया। वहीं जब पुलिस जांच के लिए पहुंची तो डॉक्टर मौके से फरार हो गया।
Bihar News: बिहार में शराबबंदी कानून लागू है। लेकिन शराब से जुड़े मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। इसी बीच भागलपुर से बड़ा मामला सामने आया है। जहां खुद सीएम नीतीश के मंत्री ने ही स्वास्थ्य विभाग पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। मंत्री जी ने कहीं ना कहीं अपनी ही सरकार की कमियों को उजागर कर दिया है। दरअसल, मामला नवगछिया के बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र(सीएचसी) का है। जहां आधी रात को अचानक राज्य की खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह पहुंच गई। लेशी सिंह ने अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर पर नशे की हालत में काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन ने जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डॉक्टर पर मंत्री ने लगाया आरोप
जानकारी के अनुसार, मंत्री लेशी सिंह पटना से पूर्णिया जा रही थीं। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने एनएच-31 स्थित बिहपुर सीएचसी में रुककर स्वास्थ्य जांच कराई। ड्यूटी पर मौजूद एएनएम हेमा कुमारी ने उनका ब्लड प्रेशर जांचा, जो 190/150 पाया गया। कुछ देर बाद चिकित्सक डॉ. सैफूल्ला ने जांच की और ब्लड प्रेशर 150/80 बताया। दोनों जांच रिपोर्ट में अंतर मिलने पर मंत्री ने दोबारा एएनएम से ब्लड प्रेशर चेक कराया, जिसमें फिर से 190/150 दर्ज किया गया। इस विरोधाभास को लेकर मंत्री ने चिकित्सक के नशे में होने की आशंका जताई और वरीय अधिकारियों को फोन कर मामले की जानकारी दी।
आधी रात को अस्पताल में मचा हड़कंप
शिकायत मिलने के बाद बिहपुर थाना पुलिस ब्रेथ एनालाइजर लेकर चिकित्सक की जांच के लिए सीएचसी पहुंची। हालांकि, मंत्री के वहां से जाने के बाद संबंधित चिकित्सक मौके से फरार हो गए। देर रात करीब पौने दो बजे थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जांच टीम का गठन किया है। टीम में नवगछिया के कार्यपालक दंडाधिकारी सुधीर कुमार, अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पिंकेश कुमार और उत्पाद विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
मौके से फरार हुए डॉक्टर साहब
टीम ने सीएचसी पहुंचकर मौके का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की। सीएचसी प्रभारी सह चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुरारी पोद्दार ने बताया कि सोमवार रात करीब एक बजे सूचना मिली कि अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं है, जिसके बाद तुरंत दूसरे डॉक्टर की तैनाती की गई। वहीं, आरोपित चिकित्सक डॉ. सैफूल्ला का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भागलपुर से अंजनी की रिपोर्ट