महिलाओं पर छाया निशांत का जादू ! माइक संभालते ही लगे 'जय-जय निशांत के नारे, सीएम सम्राट भी हैरान
बिहार राज्य महिला आयोग के रजत जयंती समारोह में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के माइक संभालते ही माहौल बदल गया। सामने बैठे लोगों जिसमें महिलाओं की भारी संख्या रही उन्होंने जोश के साथ नारे लगाए और निशांत की जय-जयकार की।
Nishant : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत की लोकप्रियता में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। ऐसा ही एक मामला तब देखा गया जब निशांत के माइक थामते ही महिलाओं की भीड़ ने 'जय जय निशांत' के नारे लगाकर सबको हैरान कर दिया। यहाँ तक कि निशांत को भी समझ में नहीं आया कि उनके नाम का जय जयकार क्यों किया जा रहा है। निशांत के जय जयकार का यह वीडियो अब वायरल है जिसमें उनके समर्थक निशांत को बिहार के सबसे योग्य नेता के रुप में बताकर कमेंट कर रहे हैं। साथ ही नीतीश कुमार की तरह निशांत को जदयू में भूमिका निभाने की अपील कर रहे हैं।
दरअसल, पटना के बापू सभागार में 19 सितंबर को आयोजित बिहार राज्य महिला आयोग के रजत जयंती समारोह में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के माइक संभालते ही माहौल बदल गया। सामने बैठे लोगों ने जोश के साथ नारे लगाए और निशांत की जय-जयकार की। जिस समय निशांत को लेकर महिलाओं द्वारा नारेबाजी की जा रही थी उस समय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। निशांत की इस प्रकार की बढ़ती लोकप्रियता ने एक बार सबको हैरान कर दिया।
लगातार सुर्खियों में निशांत
गौरलतब है कि निशांत कुमार पिछले कुछ महीनों में बिहार की राजनीति में लगातार सुर्खियों में हैं। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद अस्पतालों के औचक निरीक्षण, मरीजों से सीधे संवाद और अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देशों ने उनकी सार्वजनिक सक्रियता को बढ़ाया है। हाल के दिनों में JDU के मंच पर उनकी राजनीतिक सक्रियता भी बढ़ी है। 18 सितंबर को पार्टी के आधिकारिक कार्यक्रम में उन्होंने पहली बार विधायकों-सांसदों को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत और उनके शासन मॉडल को आगे बढ़ाने की बात कही।
नीतीश के राजनीतिक उत्तराधिकारी !
इसी बीच बिहार की सियासत में निशांत को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मीडिया रिपोर्टों में उन्हें नीतीश कुमार के संभावित राजनीतिक उत्तराधिकारी के तौर पर पेश किया जा रहा है। समारोह में लगे नारों को भी उनके बढ़ते राजनीतिक जनसंपर्क और समर्थक आधार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। युवाओं के बीच निशांत का क्रेज बढ़ता जा रहा है, लोगों को लगता है निशांत उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हैं और उसपर एक्शन भी होता है।
वही महिलाओं से जुड़े इस कार्यक्रम में निशांत कुमार ने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद से 2005 से NDA सरकार के कार्यकाल में महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा, “मुझे गर्व है कि मेरे पिताजी ने महिलाओं के लिए बहुत काम किए।”