Bihar Electricity:ध्यान दें! अगर नहीं भरा बिजली बिल, तो अब बचना मुश्किल, सीधे कटेगा कनेक्शन, मुकद्दमा भी होगा

Bihar Electricity: राज्य में बिजली उपभोक्ताओं पर 13 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक का बकाया बिल जमा हो चुका है।

बिजली विभाग का अल्टीमेटम- फोटो : social Media

Bihar Electricity: राज्य में बिजली उपभोक्ताओं पर 13 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक का बकाया बिल जमा हो चुका है। अब होली के बाद इस रकम की वसूली के लिए बड़ा और सख्त अभियान शुरू होने जा रहा है। दक्षिण बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड और उत्तर बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने सभी विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को बकायादारों से हर हाल में वसूली का टास्क सौंप दिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टपेड मीटर वाले 10 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है। ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देते हुए किस्त में भुगतान की सहूलियत दी गई है। जो लोग एकमुश्त रकम अदा करने में असमर्थ हैं, वे संबंधित विद्युत कार्यपालक अभियंता के पास दरख्वास्त देकर किस्त बंधवा सकते हैं। लेकिन जो लोग चेतावनी के बावजूद भुगतान नहीं करेंगे, उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। कनेक्शन बहाल कराने के लिए बकाया रकम के साथ डिस्कनेक्शन और री-कनेक्शन शुल्क भी अदा करना होगा।

राज्य में 86 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। अब इनकी सघन जांच होगी। मीटर बायपास कर बिजली चोरी करने वालों पर खास नजर रखी जा रही है। ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर पर भी मीटर लगाए जा रहे हैं, ताकि 31 मार्च तक उपभोक्ताओं की खपत और बिलिंग की ट्रैकिंग हो सके। अगर खपत ज्यादा और बिलिंग कम पाई गई, तो जांच के बाद सख्त कार्रवाई तय है।

बकाया रकम पर कंपनियां 1.5 प्रतिशत प्रति माह यानी सालाना 18 प्रतिशत ब्याज वसूल रही हैं। हालांकि, राहत के तौर पर 1 अप्रैल से एलटी पोस्टपेड उपभोक्ताओं को बिल जारी होने की तारीख से 15 दिन के भीतर भुगतान करने पर 1.5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वेब पोर्टल से ऑनलाइन भुगतान करने पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त छूट और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार तीन महीने बिल जमा करने पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त रियायत का प्रस्ताव है।

स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को 25 पैसे प्रति यूनिट की रियायत देने की भी तैयारी है। साफ है अब बिजली बिल में लापरवाही भारी पड़ सकती है।