Bihar News : पटना में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 1.19 करोड़ की ठगी, शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर जालसाजों ने लगाया चूना, पीड़ित ने साइबर सेल में दर्ज करायी शिकायत

Bihar News : पटना में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग और भारी मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति से ₹1.19 करोड़ से अधिक की बड़ी साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है......पढ़िए आगे

करोड़ों की ठगी - फोटो : ANIL

PATNA : ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश में मुनाफे का झांसा देकर पटना के एक व्यक्ति से 1.19 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। जगदेवपथ निवासी अब्दुल एजाज अजहर जमील ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए एफआइआर दर्ज करने और रकम की रिकवरी के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। साइबर सेल की ऑनलाइन शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर 30508260101065 बताया गया है।

शिकायत के अनुसार, फेसबुक पर जूलियस बेयर वेल्थ एडवाइजर (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड और फिनसोल सिक्योरिटीज लिमिटेड से संबंधित विज्ञापन और संदर्भ देखने के बाद कुछ लोगों ने उनसे व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया। आरोप है कि निवेश के लिए जेबी एक्स वन समेत अन्य ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया गया। शुरुआत में थोड़ी रकम निकालने की अनुमति देकर पीड़ित का विश्वास हासिल किया गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, जूलियस बेयर के नाम पर 79,56,451 रुपये और फिनसोल के नाम पर 39,96,593 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराये गये। कुल 1,19,53,044 रुपये ट्रांसफर करने का दावा किया गया है। बाद में एप पर भारी मुनाफा दिखाते हुए रकम निकालने से रोक दिया गया और कथित मुनाफे का 20 प्रतिशत भुगतान करने की शर्त रखी गयी।

पीड़ित ने जूलियस बेयर से जुड़े होने का दावा करने वाले कुणाल, सोनल तथा फिनसोल से जुड़े होने का दावा करने वाले गुल और अनन्या समेत कई लोगों के मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराये हैं। उन्होंने सभी लाभार्थी खातों के केवाइसी, बैंक ट्रांजेक्शन, आइपी और डिजिटल साक्ष्यों की जांच तथा उपलब्ध रकम को तत्काल फ्रीज कराने की मांग की है।                          

पटना से अनिल की रिपोर्ट