Pappu Yadav: पप्पू यादव आज जेल से आएंगे बाहर ! जमानत याचिका पर होगी सुनवाई, 31 साल पुराने मामले में हुए थे गिरफ्तार

Pappu Yadav: पप्पू यादव आज जेल से बाहर आएंगे या नहीं आएंगे इसको लेकर एमपी एमएल कोर्ट में आज फैसला होगा। आज पप्पू यादव के जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। पूर्णिया सांसद को 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया है।

पप्पू यादव को मिलेगी बेल? - फोटो : social media

Pappu Yadav: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज यानी सोमवार को सुनवाई होनी है। पप्पू यादव फिलहाल पटना के बेऊर जेल में बंद है। पप्पू यादव को पटना पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। गिरफ्तारी के बाद से ही पप्पू यादव अस्पताल में भर्ती थे हालांकि देर रात उन्हें पीएमसीएच में मेडिकल चेकअप के बाद बेऊर जेल में शिफ्त कर दिया गया। अस्पताल अधीक्षक ने पप्पू यादव के सेहत को सामान्य बताया लेकिन बेऊर जेल जाते समय वे एंबुलेंस पर लेटे हुए नजर आए। पप्पू यादव के समर्थकों ने उनकी हत्या की आशंका जताई है। साथ ही न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप भी लगाया है। 

न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप

बताया जा रहा है कि न्यायालय ने पप्पू यादव की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेजने का निर्देश दिया था। हालांकि, परिजनों और समर्थकों का आरोप है कि 'सम्राट की पुलिस' ने कोर्ट के आदेश को दरकिनार करते हुए उन्हें जबरन बेऊर जेल शिफ्ट कर दिया। 

पप्पू यादव ने जताई अनहोनी की आशंका

जेल ले जाए जाने के दौरान पूर्व विधायक ने मीडिया और अपने समर्थकों के सामने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत काफी खराब है और उन्हें इलाज की सख्त जरूरत है। उन्हें साज़िश के तहत अस्पताल के बजाय जेल भेजा जा रहा है। उन्हें डर है कि जेल के भीतर उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है या उनकी हत्या करवाई जा सकती है।

पप्पू यादव को लेकर भारी प्रदर्शन 

इधर, सांसद पप्पू यादव और NEET छात्रा के समर्थन में रविवार को पटना से लेकर दिल्ली तक प्रदर्शन हुए। पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘पप्पू यादव को रिहा करो’ लिखे पोस्टर के साथ सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पोस्टर जलाकर विरोध जताया। वहीं, दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी पप्पू यादव के समर्थन और छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया, जिसमें पीड़िता की मां और परिजन समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।

तेजस्वी का मिला साथ 

इस मामले में अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तानाशाही जैसी स्थिति है, जहां दोषियों को बचाया जा रहा है और निर्दोषों को फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि NEET छात्रा के मामले को लेकर उनकी पार्टी लगातार ट्वीट और बयान के जरिए मुद्दा उठाती रही है और विधानसभा में भी इसे प्रमुखता से रखा गया है।

नीट मामले पर लगातार सरकार से पूछ रहे थे सवाल 

बताया जा रहा है कि NEET छात्रा मामले को लेकर पप्पू यादव लगातार सरकार और प्रशासन पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने अस्पताल से जुड़े कुछ लोगों के कथित ऑडियो क्लिप भी जारी किए थे, जिनमें इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए गए थे। पहले वे बिहार में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठा रहे थे और बाद में इसे राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। सबसे पहले उन्होंने संसद परिसर के बाहर पोस्टर और बैनर के साथ प्रदर्शन किया था। जानकारी के मुताबिक, वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी इस मामले को लेकर प्रदर्शन करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही शुक्रवार देर रात 31 साल पुराने एक मामले में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।