पटना में चाय के पैसे मांगने पर पुलिसकर्मियों की गुंडागर्दी,दुकानदार को पीटकर उठा ले गए ,वीडियो वायरल

चाय पीने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे, तो पुलिसकर्मियों ने वर्दी का रौब दिखाते हुए गाली-गलौज की और जमकर थप्पड़ जड़े। बाद में अन्य सिपाहियों ने भी उसे घसीटकर ले गए। सरेआम गुंडागर्दी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बख्तियारपुर चाय विक्रेता मारपीट करते पुलिस का वीडियो वायरल - फोटो : Reporter

पटना जिले के बख्तियारपुर में खाकी के नशे में धुत पुलिसकर्मियों की बर्बरता का मामला सामने आया है। एक चाय विक्रेता द्वारा चाय पीने के बाद जब अपना बकाया पैसा मांगा गया, तो पुलिसकर्मी आपा खो बैठे। उन्होंने न केवल दुकानदार के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की, बल्कि अपनी वर्दी का रौब दिखाते हुए उस पर थप्पड़ों की बरसात कर दी।


साथियों के साथ मिलकर की मारपीट, घसीटते हुए ले गए

विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ; घटना की सूचना मिलते ही उक्त सिपाही के अन्य पुलिसकर्मी साथी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सभी पुलिसकर्मियों ने मिलकर चाय विक्रेता को सरेआम पीटना और धकियाना शुरू कर दिया। दबंगई दिखाते हुए वे पीड़ित दुकानदार को गालियां देते और घसीटते हुए अपने साथ ले गए, जिससे इलाके के व्यापारियों में दहशत फैल गई।

पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

पुलिसकर्मियों द्वारा की जा रही इस गुंडागर्दी को वहां मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कानून के रखवाले ही एक गरीब चाय वाले पर अपनी वर्दी का धौंस जमाते हुए मारपीट और बदसलूकी कर रहे हैं।

पुलिस महकमे पर उठे सवाल, कार्रवाई की उठ रही मांग

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूज़र्स में भारी आक्रोश व्याप्त है। कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाले इन पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित दुकानदार और स्थानीय नागरिकों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।