Patna Crime: पटना में BPSSC परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, शिक्षक समेत 10 लोग गिरफ्तार

Patna Crime: पटना के शास्त्रीनगर स्थित परीक्षा केंद्र पर बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की परीक्षा में धांधली का खुलासा हुआ। एक शिक्षक, 8 परीक्षार्थी और एक बाहरी व्यक्ति समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Patna Crime: पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित गृहरक्षक बल इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली का खुलासा हुआ है। परीक्षा केंद्र पर कदाचार कराने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस और परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों ने कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक शिक्षक, आठ परीक्षार्थी और एक बाहरी व्यक्ति शामिल हैं।

इस मामले में शास्त्रीनगर थाना कांड संख्या 653/2026 दिनांक 29 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4), 3(5) तथा पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट 2024 की धाराओं 10 और 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

संदिग्ध बाहरी व्यक्ति को पकड़ा गया

जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत गृहरक्षक बल इंस्ट्रक्टर पद की परीक्षा 29 जुलाई 2026 को राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर में आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान चेकिंग के क्रम में ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों ने विद्यालय के बाथरूम के पास एक संदिग्ध बाहरी व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन और दो मिनी इलेक्ट्रॉनिक प्रिंटर बरामद किए गए। इसके बाद की गई जांच में परीक्षा केंद्र पर तैनात शिक्षक महेंद्र कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। उनके मोबाइल फोन की जांच करने पर परीक्षा में कदाचार कराने से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले।

जांच के आधार पर  परीक्षार्थियों को  हिरासत में लिया गया

जांच के आधार पर परीक्षा में शामिल अन्य परीक्षार्थियों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस और परीक्षा केंद्र पर तैनात अधिकारियों की सतर्कता के कारण धांधली की पूरी साजिश समय रहते उजागर हो गई और परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित होने से बचा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिक्षक महेंद्र कुमार के अलावा विभिन्न जिलों के परीक्षार्थी शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

आरोपियों के पास से क्या बरामद किए गए?

पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और दो छोटे इलेक्ट्रॉनिक प्रिंटर बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन उपकरणों का उपयोग परीक्षा के दौरान उत्तर भेजने और प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था।पटना पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह संगठित गिरोह अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सक्रिय रहा है। परीक्षा केंद्र पर समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़े परीक्षा घोटाले को रोका जा सका। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कदाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

पटना से अनिल की रिपोर्ट