Patna crime: पटना में सनसनी! छात्राओं पर चाकू से हमला, मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या

Patna crime: पटना के मुसल्लहपुर हाट में लॉज मालिक के बेटे ने छात्राओं पर चाकू से हमला किया। वहीं मसाला दुकानदार की गोली मारकर हत्या से इलाके में दहशत फैल गई।

पटना के मुसल्लहपुर में हड़कंप- फोटो : news4nation

Patna crime:  राजधानी पटना में गुरुवार (14 मई 2026) का दिन लोगों के लिए डर और दहशत भरा रहा। एक के बाद एक हुई घटनाओं से मुसल्लहपुर हाट इलाके में हड़कंप मच गया। ताजा मामला पीरबहोर थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट के पास स्थित सीता चौधरी लॉज का है, जहां लॉज मालिक के बेटे ने छात्राओं पर चाकू से हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार सीता चौधरी लॉज के मालिक नीरज कुमार के बेटे क्रिस ने सब्जी काटने वाले चाकू से लॉज में रहने वाली छात्राओं पर हमला कर दिया। इस घटना में 3 से 4 छात्राएं घायल हो गईं। सभी को इलाज के लिए पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि छात्राओं को हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी क्रिस को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

लॉज के किराए को लेकर हुआ झगड़ा

पटना टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि छात्राओं और लॉज मालिक की पत्नी के बीच रूम रेंट को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी क्रिस गुस्से में आ गया और सब्जी काटने वाला चाकू लेकर छात्राओं की तरफ हमला करने लगा। इस हमले में कई छात्राएं घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि लॉज मालिक नीरज कुमार और उनके बेटे क्रिस के बीच पहले से ही किराया को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार शाम को जब लॉज मालिक की पत्नी छात्राओं से किराया मांग रही थी, उसी दौरान बहस बढ़ गई और मामला हिंसा तक पहुंच गया।

मुसल्लहपुर हाट मंडी में बड़ी घटना

पुलिस ने इस मामले में आरोपी क्रिस के अलावा उसके पिता नीरज कुमार और पत्नी को भी हिरासत में लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है। इसी दिन मुसल्लहपुर हाट मंडी में एक और बड़ी घटना हुई। यहां मसाला दुकानदार पिंटू साव उर्फ बड़का की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधियों ने उनके सिर में गोली मारी और मौके से फरार हो गए।सूत्रों के अनुसार पिंटू साव का कुछ दिन पहले किसी से विवाद हुआ था। पुलिस को शक है कि उसी विवाद के कारण इस हत्या को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद मुसल्लहपुर हाट इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट