दुल्हिनबाजार हत्याकांड: देर रात फोन कॉल के बाद घर से निकले युवक की गली में मिली लाश, एफएसएल जांच जारी
पटना के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा गांव में सनसनीखेज वारदात। देर रात फोन कॉल आने के बाद घर से निकले 20 वर्षीय युवक का शव सुबह गली में मिला। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का शक जताया है, पुलिस और एफएसएल की टीम जांच में जुटी।
पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल स्थित दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा गांव में अपराधियों ने एक 20 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान सिंघाड़ा गांव निवासी मुमताज मंसूरी के पुत्र शहजाद मंसूरी के रूप में हुई है।
देर रात कॉल आने के बाद घर से निकला था मृतक
घटना के संबंध में मृतक के चाचा शमशेर आलम ने बताया कि शहजाद बीती रात घर पर ही था। देर रात उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया, जिसके बाद वह बिना किसी को कुछ बताए अचानक घर से बाहर निकल गया। सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि उसका शव घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर गांव की एक गली में खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है।
चेहरे और सिर पर किए गए कई वार
परिजन जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि शहजाद के सिर और चेहरे पर किसी धारदार हथियार से कई बार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई थी। चाचा शमशेर आलम ने आशंका जताई है कि शहजाद के दोस्तों ने ही उसे फोन कर घर से बाहर बुलाया और उसकी हत्या कर दी।
पुलिस और एफएसएल टीम की कार्रवाई
दुल्हिनबाजार थाना को ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
जांच जारी, हथियार और कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या चाकू या किसी अन्य धारदार हथियार से किए जाने की पुष्टि हुई है। हालांकि, हत्या के पीछे के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और न ही वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। वही खुरेजी कि इस घटना के बाबत जब News4Nation के रिपोर्टर ने दुल्हिनबाजार थानेदार को फोन लगाया तो न ही जवाब दिया गया ना जानकारी ही साझा कि गई।
ऋषिकेश की रिपोर्ट