Bihar News: अयोध्या- बक्सर- गौतम ऋषि आश्रम को धार्मिक पर्यटन मार्ग से जोड़ने की पहल तेज, पर्यटन मंत्री ने की बड़ी घोषणा

Bihar News: महर्षि गौतम और श्रृंगी ऋषि की तपोभूमि रिविलगंज में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू नदी के तट पर आयोजित ऐतिहासिक गोदना- सेमरिया नहान मेले का भव्य आगाज हुआ।

Bihar News: अयोध्या- बक्सर- गौतम ऋषि आश्रम को धार्मिक पर्यटन
अयोध्या- बक्सर- गौतम ऋषि आश्रम को धार्मिक पर्यटन मार्ग से जोड़ने की पहल- फोटो : reporter

Bihar News:  महर्षि गौतम और श्रृंगी ऋषि की तपोभूमि रिविलगंज में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू नदी के तट पर आयोजित ऐतिहासिक गोदना- सेमरिया नहान मेले का भव्य आगाज हुआ। बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक छोटी कुमारी और मुख्य पार्षद अमिता यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान मेले के विकास, धार्मिक महत्व और क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और मांगें सामने आईं।

मेले के विकास के लिए दो लाख रुपये अतिरिक्त

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने घोषणा की कि अगले वर्ष से पर्यटन विभाग की ओर से गोदना-सेमरिया मेले के विकास एवं विस्तार के लिए दो लाख रुपये अतिरिक्त उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेले के समुचित विकास के लिए जिलाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मंगाई जाएगी। इसके आधार पर प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले आयोजन को और बेहतर स्वरूप देने की प्रतिबद्धता जताई।

अयोध्या से बक्सर होते हुए गौतम आश्रम तक जोड़ने की पहल

मंत्री ने कहा कि जिस पावन धरती पर भगवान श्रीराम के चरण पड़े और माता अहिल्या का उद्धार हुआ, वहां आकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अयोध्या से बक्सर होते हुए श्रद्धालुओं को गौतम ऋषि आश्रम तक लाने की व्यवस्था विकसित करने की बात कही। इससे इस क्षेत्र की धार्मिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि महर्षि गौतम की तपोभूमि का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व है, जिसे नई पहचान दिलाने की आवश्यकता है।

राम सर्किट से जोड़ने की उठी मांग

मुख्य पार्षद अमिता यादव ने गोदना-सेमरिया नहान मेले की पौराणिक महत्ता और ऐतिहासिक परंपरा का उल्लेख करते हुए इसे राम सर्किट से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए ठोस पहल होनी चाहिए। वहीं, विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि मेला क्षेत्र की संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके संरक्षण और विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में मेले का स्वरूप और अधिक विस्तृत एवं आकर्षक होगा।

सरयू तट पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ 

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू नदी के तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। आसपास के क्षेत्रों सहित दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने पवित्र स्नान किया और पूजा-अर्चना, ध्यान तथा दान-पुण्य में भाग लिया। धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। भीड़ को देखते हुए मेला परिसर और घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।उद्घाटन समारोह में गोदना- सेमरिया मेला समिति के अध्यक्ष, एसडीओ, एसडीपीओ, कार्यपालक पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, वार्ड पार्षद सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-धर्मेंद्र रस्तोगी