Patna Fire News:गर्दनीबाग इलाके में घनी रिहायशी मकान में भड़की आग, इलाके में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड

राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित चितकोहरा के न्यू पंजाबी कॉलोनी में एक घर में भीषण आग लग गई। रास्ता संकरा होने के कारण दमकल गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। पढ़ें पूरी खबर।

चितकोहरा की कॉलोनी में धू-धू कर जला घर, रास्ता संकरा होने से अग्निशमन कर्मियों को हुई भारी मशक्कत- फोटो : Reporter

पटना: राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत चितकोहरा के न्यू पंजाबी कॉलोनी स्थित एक रिहायशी घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। रिहायशी इलाका होने के कारण घटना के बाद आसपास के घरों में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।


स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का किया प्रयास, दमकल को दी सूचना

घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर पानी व बालू डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने तत्काल अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) और गर्दनीबाग थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना हो गईं।

संकरा रास्ता बना बड़ी चुनौती, मौके पर पहुँचने में हुई मशक्कत

घटनास्थल तक पहुँचने में दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। न्यू पंजाबी कॉलोनी का रास्ता काफी संकरा और छोटा होने के कारण बड़ी दमकल गाड़ियों को घर के बिल्कुल करीब तक ले जाने में भारी परेशानी हुई। किसी तरह मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और अग्निशमन कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया।


आग लगने के कारणों की हो रही जांच, नुकसान का आकलन जारी

कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने में जुटी रही ताकि लपटें अगल-बगल के अन्य मकानों तक न फैल सकें। फिलहाल घर में आग कैसे लगी, इसके सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग बुझने के बाद ही घर में हुए कुल नुकसान का सही आकलन हो पाएगा।

पटना से अनिल की रिपोर्ट