छठ महापर्व को लेकर मेयर और नगर आयुक्त ने किया विभिन्न घाटों का निरीक्षण : कुल 31 घाट किए गए चिह्नित, खतरनाक घाटों पर लगाए जाएंगे लाल झंडे

गया जिला प्रशासन और नगर निगम पितृपक्ष मेले की तर्ज पर छठ पर्व में भी बेहतर सुविधाएं देने की पूरी तैयारी की है। अधिकारियों ने देवघाट, सूर्यकुंड, पितामहेश्वर और मानपुर घाटों का जायजा लिया। खतरनाक घाटों पर लाल झंडे लगेंगे ...

छठ महापर्व को लेकर मेयर और नगर आयुक्त ने किया विभिन्न घाटों
मेयर और नगर आयुक्त ने किया विभिन्न घाटों का निरीक्षण- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को पूरी भव्यता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए गया जिला प्रशासन और नगर निगम ने अपनी कमर कस ली है। इसी क्रम में शनिवार को मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार, पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव सहित कई वरीय अधिकारियों ने देवघाट, सूर्यकुंड, पितामहेश्वर घाट, मानपुर घाट और केंदुई घाट समेत शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रही साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए की जाने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।


बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होगी विशेष व्यवस्था, की जाएगी आकर्षक सजावट

निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मेयर गणेश पासवान ने कहा कि इस वर्ष छठव्रतियों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष और चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि पर्व के दौरान शहर के प्रमुख स्थलों और घाटों पर आकर्षक सजावट की जाएगी, जिससे गया पधारने वाले सभी श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया जा सके।


पूरे शहर में 31 घाट किए गए चिह्नित, आवेदन मिलने पर अन्य स्थानों पर भी होगी सफाई व्यवस्था

मेयर ने जानकारी दी कि आगामी छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए पूरे गया जी क्षेत्र में कुल 31 घाटों को आधिकारिक रूप से चिह्नित किया गया है। इसके अलावा यदि कोई स्थानीय नागरिक या समिति आवेदन देकर किसी अन्य नए घाट की जानकारी देती है, तो प्रशासन द्वारा वहाँ भी तत्काल प्रभाव से साफ-सफाई और प्रकाश की मुकम्मल व्यवस्था कराई जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को उनके नजदीक ही पूजा करने की सुविधा मिल सके।


सुरक्षा को लेकर खास एहतियात: खतरनाक घाटों पर लगाए जाएंगे लाल झंडे

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए हैं कि जिन घाटों को गहरे पानी या अन्य कारणों से खतरनाक माना गया है, उन्हें स्पष्ट रूप से लाल झंडे (रेड फ्लैग) लगाकर चिह्नित किया जाए, ताकि श्रद्धालु अनजाने में उन स्थानों पर न जाएँ और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर विशेष साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाया जाए ताकि पवित्रता बनी रहे।


पितृपक्ष मेले की तर्ज पर छठ पर्व में भी बेहतर सुविधाएं देने का प्रशासनिक संकल्प

मेयर गणेश पासवान ने विश्वास दिलाया कि जिस प्रकार हाल ही में संपन्न हुए ऐतिहासिक पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से आए तीर्थयात्रियों की सुविधा के मद्देनजर व्यापक और बेहतरीन व्यवस्थाएं की गई थीं, उसी तर्ज पर इस बार छठ पर्व में भी आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उच्च स्तर की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। नगर निगम और जिला प्रशासन के इस संयुक्त प्रयास से छठव्रतियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।


मनोज की रिपोर्ट