थाने में तौलिया पहनकर डयूटी करना ASI को पड़ा महंगा, हो गए सस्पेंड

अथमलगोला थाना में तैनात ऑफिसर ऑफ द डे (ओडी) के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) का तौलिए में डयूटी करना महंगा पड़ गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.....

ASI अंजनी कुमार सस्पेंड- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित अथमलगोला थाना में तैनात ऑफिसर ऑफ द डे (ओडी) के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) का ड्यूटी के दौरान तौलिए में फरियादी से बातचीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। हालांकि उनका यह मनमाना रवैया बेहद महंगा पड़ गया है। सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खबर प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया और आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ त्वरित और सख्त दंडात्मक कार्रवाई की है।


तत्काल प्रभाव से निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बाढ़-2 ने इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से विभागीय जांच की। जांच के दौरान थाने जैसे सार्वजनिक और जिम्मेदार स्थान पर तौलिया पहनकर बैठना, फरियादियों के साथ अमर्यादित ढंग से पेश आना और पुलिस ड्रेस कोड का पालन न करने के आरोप पूरी तरह सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सहायक अवर निरीक्षक (ASI) अंजनी कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है।


अनुशासनहीनता और पुलिस की छवि धूमिल करने का आरोप

पुलिस विभाग द्वारा जारी निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि एएसआई अंजनी कुमार का यह कृत्य सरासर घोर मनमानेपन, गंभीर अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है। पुलिस जैसे अनुशासित बल में इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उनके इस आचरण से न केवल विभाग की मर्यादा तार-तार हुई है, बल्कि आम जनता के बीच पुलिसिंग की छवि भी काफी धूमिल हुई है।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था दारोगा जी का 'तौलिया अवतार'

दरअसल, यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब आरोपी एएसआई अंजनी कुमार का थाने के भीतर केवल तौलिया लपेटकर शासकीय कार्य निपटाने और आराम फरमाने का एक वीडियो और तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के निर्देश जारी किए थे।


बाढ़ पुलिस की सख्त चेतावनी- लापरवाही पर आगे भी होगी कार्रवाई

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के सभी थानों और पुलिसकर्मियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता, लापरवाही या वर्दी की गरिमा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में भी कोई अन्य पुलिसकर्मी इस तरह की गतिविधियों या अमर्यादित आचरण में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी इससे भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


अनिल की रिपोर्ट