सुपौल में सनसनीखेज वारदात: नेपाली नागरिक को जहरखुरानी का शिकार बना कोसी नदी में फेंका, मछुआरों ने बचाई जान

सुपौल में सनसनीखेज वारदात: नेपाली नागरिक को जहरखुरानी का शिक
नेपाली नागरिक को बनाया जहरखुरानी का शिकार- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह इंसानियत और बहादुरी की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली। यहाँ पूर्वी कोसी तटबंध के स्पर संख्या 5:30 के समीप कोसी नदी के तेज बहाव में बह रहे एक अचेत नेपाली नागरिक को स्थानीय मछुआरों ने अपनी सूझबूझ और साहस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पीड़ित पूरी तरह से बेहोश और निर्वस्त्र था। मछुआरों की इस त्वरित सतर्कता के कारण एक बेगुनाह की जान बचाई जा सकी।


नेपाल के चितवन का रहने वाला है पीड़ित

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जब पीड़ित को होश आया, तो उसने अपनी पहचान नेपाल के चितवन निवासी 49 वर्षीय गोविंद प्रसाद भुसाल (पिता- सदानंद भुसाल) के रूप में बताई। गोविंद ने होश में आने के बाद पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह नेपाल के चितवन से अपने किसी निजी काम के लिए रात की बस से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान रास्ते में वह जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया।


नशीला पदार्थ खिलाकर लूटी नकदी, लैपटॉप और मोबाइल

पीड़ित गोविंद प्रसाद के मुताबिक, बस यात्रा के दौरान ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने दोस्ती बढ़ाकर उन्हें खाने-पीने की चीज में कोई नशीला पदार्थ खिला दिया। नशीली वस्तु खाते ही वे पूरी तरह अचेत हो गए। इसके बाद शातिर अपराधियों ने उनका लैपटॉप, एंड्रॉयड मोबाइल फोन, कलाई घड़ी, नेपाली 10 हजार रुपये नकद और उनके जरूरी दस्तावेज लूट लिए। इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने और हत्या की नीयत से उनके कपड़े उतारकर उन्हें कोसी नदी में फेंक दिया गया।


प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्परता से पहुंचाया अस्पताल

नदी से अचेत अवस्था में निकाले जाने के तुरंत बाद इस घटना की सूचना प्रशासनिक टीमों को दी गई। सूचना मिलते ही एसएसबी (SSB) की 45वीं बटालियन, भीमनगर थाना पुलिस, डायल-112 और ग्राम रक्षा दल के सदस्य फौरन मौके पर पहुंचे। सुरक्षाबलों और स्थानीय प्रशासन की मदद से पीड़ित को तुरंत इलाज के लिए वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने समय पर इलाज कर उनकी स्थिति को स्थिर किया।


जान बचाने वाले भारतीय मछुआरों का जताया आभार, जांच शुरू

मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद पीड़ित गोविंद प्रसाद भुसाल ने संकट की इस घड़ी में देवदूत बनकर अपनी जान बचाने वाले भारतीय मछुआरों और स्थानीय ग्रामीणों का नम आंखों से आभार व्यक्त किया। इधर, वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित का आधिकारिक बयान दर्ज कर लिया है। इस गंभीर वारदात की गहनता से पड़ताल की जा रही है और अपराधियों को चिन्हित करने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट