पीएम मोदी ने वैशाली के मंच पर पहुंचते ही निशांत को लगाया गले, बिहार की सियासत में बड़ा संकेत

वैशाली में प्रधानमंत्री का स्वागत उत्साह के साथ किया गया। वे खुली जीप में सवार होकर हाथ में गमछा लहराते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे। रास्ते में मौजूद लोगों ने तिरंगा लहराकर उनका अभिनंदन किया। वहीं मोदी ने निशांत को लगे लगाकर बड़ा संदेश दिया

PM Modi Hugs Nishant - फोटो : news4nation

Bihar News :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे तो पटना से लेकर वैशाली तक सियासी और उत्सवी माहौल देखने को मिला। पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली पहुंचे, जहां जनसभा के मंच पर उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को गले लगा लिया। मंच पर हुआ यह आत्मीय क्षण वहां मौजूद लोगों के लिए खासा चौंकाने वाला रहा और राजनीतिक हलकों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई।


वैशाली में प्रधानमंत्री का स्वागत उत्साह के साथ किया गया। वे खुली जीप में सवार होकर हाथ में गमछा लहराते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे। रास्ते में मौजूद लोगों ने तिरंगा लहराकर उनका अभिनंदन किया। पूरे परिसर में 'मोदी-मोदी' के नारे गूंजते रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह दिखा। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार की धरती पर पीएम मोदी का अभिनंदन करना हम सभी के लिए गर्व की बात है।


नीतीश सेतु का किया लोकार्पण

वैशाली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने सबसे पहले गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का निरीक्षण किया और इसे राष्ट्र को समर्पित किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। 

 

इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र स्थित जनसभा स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और 14,450 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।


इन योजनाओं में सड़क, बिजली, शहरी आधारभूत संरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई का उद्घाटन किया। इसके अलावा कई राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण, बिजली वितरण व्यवस्था में सुधार, नहरों और तटबंधों के सुदृढ़ीकरण तथा शहरी जलापूर्ति और सीवरेज परियोजनाओं से जुड़े काम भी कार्यक्रम का हिस्सा रहे।  प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इसके साथ ही बिहार में 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम रखा गया। 

 


बिहार के विकास को लेकर दिया संदेश

वैशाली की जनसभा में प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने से जुड़ी योजनाओं को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण नीतीश सेतु का लोकार्पण रहा। पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को लेकर भी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा रही। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया था। 

 

प्रधानमंत्री के इस दौरे में पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार के साथ मुलाकात और वैशाली में निशांत कुमार को गले लगाने के दृश्य ने राजनीतिक संदेश के लिहाज से भी लोगों का ध्यान खींचा। एक ओर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उनका आत्मीय अभिवादन दिखा, तो दूसरी ओर निशांत कुमार के प्रति उनका स्नेह चर्चा का विषय बना। विकास परियोजनाओं के साथ इन मुलाकातों ने भी शनिवार के इस दौरे को खास बना दिया।