पीएम मोदी ने नीतीश सेतु का फीता काटकर किया उद्घाटन, बिहार को मिली विकास योजनाओं की सौगात
नीतीश सेतु की सबसे बड़ी खासियत इसकी छह लेन की क्षमता और गंगा पर एक अतिरिक्त सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। इसके शुरू होने से पटना से वैशाली, हाजीपुर, बिदुपुर और उत्तर बिहार के अन्य इलाकों तक पहुंचना आसान होगा।
Bihar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार दौरे के दौरान गंगा नदी पर बने बहुप्रतीक्षित छह लेन के नीतीश सेतु का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क को नई मजबूती मिलेगी। खासकर वैशाली, हाजीपुर, राघोपुर और आसपास के इलाकों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल बिहार के सड़क बुनियादी ढांचे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है।
19.7 किलोमीटर लंबा नीतीश सेतु पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इसमें गंगा पर बना 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और दोनों ओर की करीब 10 किलोमीटर संपर्क सड़कें शामिल हैं। छह लेन का यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा को अधिक सुगम बनाने के साथ ही पुराने पुलों पर यातायात का दबाव कम करने में मदद करेगा।
19.7 किलोमीटर लंबा है पुल
नीतीश सेतु की सबसे बड़ी खासियत इसकी छह लेन की क्षमता और गंगा पर एक अतिरिक्त सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। इसके शुरू होने से पटना से वैशाली, हाजीपुर, बिदुपुर और उत्तर बिहार के अन्य इलाकों तक पहुंचना आसान होगा। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्हें इलाज, शिक्षा और दूसरे जरूरी कामों के लिए पटना आने-जाने में सहूलियत होगी।
इसके अलावा किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने और व्यापारियों को औद्योगिक सामान की ढुलाई में मदद मिलेगी। उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कारोबार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। पुल से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
बिहार को 34,470 करोड़ की योजनाओं की सौगात
नीतीश सेतु के उद्घाटन के साथ ही प्रधानमंत्री ने बिहार में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और करीब 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये योजनाएं सड़क, बिजली, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी हैं।
सड़क और परिवहन के क्षेत्र में औरंगाबाद-चोरदाहा एनएच-19, चोरमा-बैरगनिया एनएच-227एफ और उमगांव-सहरसा एनएच-327 के चौड़ीकरण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं साहेबगंज-अरेराज-बेतिया एनएच-139डब्ल्यू को चार लेन बनाने की योजना का शिलान्यास किया गया है। इस पर 3,800 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
बिजली और ऊर्जा के क्षेत्र में बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी इकाई, जिसकी क्षमता 660 मेगावाट है, का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही बिजली वितरण और ट्रांसमिशन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1,130 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं भी शामिल हैं। पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना के लिए बिजली निकासी व्यवस्था पर करीब 3,350 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया।
शहरी सुविधाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा सहित कई शहरों में जलापूर्ति और सीवरेज परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। नहरों के आधुनिकीकरण, आवासीय विद्यालयों, आईआईटी पटना के रिसर्च पार्क और हॉस्टल तथा इंजीनियरिंग-पॉलिटेक्निक संस्थानों से जुड़ी योजनाएं भी इसमें शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने बिहार में 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाई। इससे शहरी सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम के जरिए शहरी परिवारों को पक्के मकान की सौगात मिली।
पटना से वैशाली तक रहा प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से वैशाली पहुंचे। वहां नीतीश सेतु का निरीक्षण और उद्घाटन करने के बाद वे जनसभा स्थल पहुंचे और विकास योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास तथा जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद उन्हें पटना लौटकर आगे के दौरे के लिए रवाना होना था।