पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार से मिले पीएम मोदी, गले मिलकर बोले- नीतीश जी से मिलकर...

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे हैं। पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार ने उनका आत्मीय स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई।

PM Modi Meets Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Bihar News :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे की शुरुआत एक खास राजनीतिक मुलाकात के साथ हुई। शनिवार को विशेष विमान से पटना पहुंचे प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद एयरपोर्ट पहुंचे। यहां दोनों नेताओं के बीच करीब दो मिनट तक मुलाकात और बातचीत हुई। इस मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।" प्रधानमंत्री के इस संदेश के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है।


दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे हैं। पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार ने उनका आत्मीय स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए वैशाली रवाना हो गए। 


नीतीश सेतु का करेंगे निरीक्षण, फिर राष्ट्र को करेंगे समर्पित

पटना एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीकॉप्टर के जरिए वैशाली के रुस्तमपुर हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी नीतीश सेतु का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वैशाली के जाफरपट्टी स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।


करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव भी कम होगा। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा। 

 

बिहार को विकास परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान करीब 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन और करीब 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।


इन परियोजनाओं में बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई, राष्ट्रीय राजमार्गों का विकास, बिजली वितरण एवं ट्रांसमिशन योजनाएं, शहरी जलापूर्ति और सीवरेज परियोजनाएं तथा आईआईटी पटना का रिसर्च पार्क शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराया जाएगा।