अब सरकारी अस्पताल में मिलेगा सुपर स्पेशियलिटी इलाज, कम खर्च में होगा बेहतर जांच, PMCH में लगेंगी नई MRI-CT Scan मशीनें

Bihar Health Department: बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक अहम कदम उठाया है।...

सरकारी अस्पताल में मिलेगा सुपर स्पेशियलिटी इलाज- फोटो : social Media

Bihar Health Department: बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जल्द ही अत्याधुनिक एमआरआई  और सीटी स्कैन की सुविधाएं शुरू होने जा रही हैं। इस फैसले को मरीजों के लिए बड़ी राहत और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देने वाली पहल माना जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के निर्देश पर रेडियोलॉजी विभाग में आधुनिक तकनीक से लैस मशीनें स्थापित की जा रही हैं, जिससे कम खर्च में बेहतर और तेज़ जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

सरकार का कहना है कि यह पहल सिर्फ जांच सेवाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में भी नई इबारत लिखेगी। नई मशीनों की मदद से डॉक्टर और विशेषज्ञ जटिल बीमारियों का गहराई से अध्ययन कर सकेंगे, जिससे गंभीर रोगों के इलाज और अनुसंधान को नई रफ़्तार मिलेगी। इससे मेडिकल छात्रों और विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी अत्याधुनिक तकनीक के साथ काम करने का अवसर मिलेगा।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि सरकार का मकसद आम अवाम को कम लागत में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराना है। इसी विज़न के तहत पीएमसीएच में आधुनिक जांच सुविधाओं का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। उनका कहना है कि नई एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनों के चालू होने से मरीजों को निजी केंद्रों पर महंगी जांच कराने की मजबूरी कम होगी और समय पर सटीक जांच के साथ बेहतर इलाज का रास्ता आसान होगा।

राजधानी पटना ही नहीं, बल्कि बिहार के विभिन्न जिलों से इलाज के लिए आने वाले हजारों मरीजों को इस सुविधा का सीधा फायदा मिलेगा। स्वास्थ्य महकमे का मानना है कि आधुनिक उपकरणों के शामिल होने से पीएमसीएच की उपचार क्षमता और चिकित्सा गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। ऐसे में सरकार की यह पहल बिहार की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सशक्त, भरोसेमंद और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।