Bihar Police Attack: पटना पुलिस पर हमला, दो अधिकारी घायल, महिला समेत 4 गिरफ्तार, जानिए पूरी खबर

Bihar Police Attack: राजधानी पटना में एक बार फिर अपराधियों का तांडव देखने को मिला। बाइक रिकवरी करने पहुंची पुलिस पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पटना पुलिस पर हमला - फोटो : reporter

Bihar Police Attack: बिहार पुलिस पर एक के बाद एक हमले की जानकारी सामने आ रही है। ताजा मामला पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस टीम पर हमला हुआ है। जानकारी अनुसार गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में जब्त बाइक को लेकर भागे आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। जहां स्थानीय लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। इस घटना में दो पुलिस पदाधिकारी घायल हो गए। मामले में एक महिला सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पटना पुलिस पर हमला 

जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल की शाम गर्दनीबाग थाना पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार को रोका गया, लेकिन वह वाहन के कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बाइक को जब्त कर थाने भिजवा दिया और कागजात लेकर आने को कहा। सूत्रों के मुताबिक, देर रात आरोपित कुछ लोगों के साथ थाना परिसर पहुंचा और चुपचाप जब्त बाइक लेकर फरार हो गया।

बाइक रिकवरी करने पहुंची थी टीम 

जब पुलिस को बाइक गायब होने की जानकारी मिली, तो तत्काल एक टीम गठित कर तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली कि बाइक गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के साईं मंदिर, आम बगीचा इलाके में है। जब पुलिस वहां वाहन रिकवर करने पहुंची तो आरोपित और कुछ स्थानीय लोगों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए। 

मौके पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस बल 

घटना की सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच जारी है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट