पटना के होटल में पुलिस की देर रात छापेमारी, 5 महिलाओं समेत 9 लोग हिरासत में

राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की एक विशेष टीम ने बैरिया बस स्टैंड के समीप स्थित एक होटल में छापेमारी कर 5 महिला समेत 9 लोगों को हिरासत मे लिया है...

पटना के होटल में पुलिस की छापेमारी- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की एक विशेष टीम ने बैरिया बस स्टैंड के समीप स्थित 'रोजी होटल' में देर रात अचानक छापेमारी की। इस औचक कार्रवाई से होटल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से संदिग्ध स्थिति में पाए गए कुल 9 लोगों को हिरासत में लिया है।


पुरुष और महिलाओं से पूछताछ जारी 

पुलिस द्वारा की गई इस छापेमारी के दौरान जिन 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें 5 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। छापेमारी के तुरंत बाद पुलिस सभी को अपने साथ थाने ले गई, जहां उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद से बस स्टैंड रोड पर स्थित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी खलबली मची हुई है।


दो नाबालिग युवतियों के होने की चर्चा

स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के अनुसार, हिरासत में ली गई पांच महिलाओं में से दो युवतियां नाबालिग बताई जा रही हैं। हालांकि, इस बात को लेकर रामकृष्ण नगर थाना पुलिस या किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू को बारीकी से जांच रही है।


छानबीन में जुटी रामकृष्ण नगर पुलिस

रामकृष्ण नगर थाना पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बेहद सतर्कता बरत रही है। होटल के रिकॉर्ड्स, सीसीटीवी फुटेज और वहां ठहरे लोगों के पहचान पत्रों की भी जांच किए जाने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच और पूछताछ के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।


आधिकारिक बयान के बाद साफ होगी स्थिति

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच और छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने और ठोस साक्ष्य सामने आने के बाद ही इस मामले में कोई आधिकारिक प्रेस नोट जारी किया जाएगा। आधिकारिक पुष्टि के बाद ही होटल में चल रही संदिग्ध गतिविधियों और मामले की वास्तविक स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।

रंजीत की रिपोर्ट