राबड़ी के दावों की नीरज ने खोल दी पोल, बेटियों के साथ 'गंदा काम' के राजद आरोपों पर विधान परिषद में पेश हुआ JDU का सबूत
राबडी देवी आरोपों पर सदन में जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने विपक्ष के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि यह कहना गलत है कि अपराध की घटनाओं के बाद कार्रवाई नहीं होती।
Bihar Vidhan Parishad : बिहार विधान परिषद में शुक्रवार को कार्यवाही शुरू होते ही बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराध का मुद्दा जोरशोर से उठा। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सदन में कहा कि बिहार में छोटी-छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार जैसी जघन्य घटनाएं हो रही हैं और कई मामलों में अपराध के बाद उनकी हत्या तक कर दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि केवल फरवरी महीने में ही 35 लड़कियां ऐसी घटनाओं का शिकार हुई हैं और सवाल उठाया कि इन पर रोक लगाने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है। राबड़ी देवी ने कहा कि प्रदेश के लगभग सभी जिलों में हालात चिंताजनक हैं। इस मुद्दे पर एमएलसी सुनील सिंह ने सरकार और पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपराध रोकने में पुलिस पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
जवाब में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं को गंभीरता से ले रही है और लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सभी मामले सरकार के संज्ञान में हैं और सरकार की नीति व नीयत पूरी तरह साफ है। मंत्री ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सरकार इन घटनाओं की कड़ी निंदा करती है। वहीं मंत्री लखेंद्र कुमार रोशन ने कहा कि सरकार किसी अपराधी को बचाने का काम नहीं करती। अपराधी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सदन में जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने विपक्ष के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि यह कहना गलत है कि अपराध की घटनाओं के बाद कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करती है। नीरज कुमार ने सदन में फरवरी महीने में हुई उन घटनाओं का विस्तृत ब्यौरा भी पेश किया, जिनका जिक्र विपक्ष ने किया था, और बताया कि उन मामलों में क्या-क्या कार्रवाई हुई है।
बच्चियों की सुरक्षा को लेकर हुई इस बहस के दौरान सदन में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
अभिजीत की रिपोर्ट