सोमवार से ड्यूटी पर लौटें राजस्व सेवा के अधिकारी, नहीं तो होगी कड़ी कार्रवाई : उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा

विजय सिन्हा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सोमवार, दिनांक 09 फरवरी को यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Vijay Kumar Sinha- फोटो : news4nation

Vijay Kumar Sinha : राजस्व सेवा के अधिकारियों की हड़ताल को लेकर बिहार सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी सोमवार से अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यस्थलों पर योगदान दें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।


सिन्हा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सोमवार, दिनांक 09 फरवरी को यदि कोई अधिकारी अनुपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उसी दिन प्रधान सचिव श्री सी.के. अनिल एवं सचिव जय सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर स्थिति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले अधिकारियों के सम्मान में कोई कमी नहीं की जाएगी।


उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी अंचल अधिकारी राज्य सरकार द्वारा संचालित एग्रीस्टैक महाअभियान, ई-मापी महाभियान एवं राजस्व महाअभियान के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निष्पादित करें। इन अभियानों के सीधा लाभ राज्य की जनता को मिलेगा। इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही उचित नहीं है।


उन्होंने राज्य के सभी हल्का कर्मचारियों से अपील की कि वे किसी भी बहकावे में न आकर जनता के विश्वास पर खरा उतरें और पूर्व के उत्साह एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। 31 मार्च तक जिस स्तर पर सुधार का लक्ष्य तय किया गया है उसकी अच्छी उपलब्धि पर सभी को फायदा मिलेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कृषि विभाग का मंत्री रहते हुए कृषि समन्वयकों के बेहतर काम करने पर उनके वेतन में रिकॉर्ड वेतन वृद्धि की गई थी। ऐसा ही मौका आप सभी के पास भी है।


इस मौके पर प्रधान सचिव सीके अनिल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री   विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चल रहे भूमि सुधार जनकल्याण संवाद से विभाग के प्रति जनता का भरोसा बहुत बढ़ा है। छवि में लगातार सुधार हो रहा है। उनके संवाद अभियान में व्यवधान किसी भी हाल में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। विभाग में सुधारवादी कार्य लगातार जारी रहेंगे। 31 मार्च तक विभागीय टारगेट को पूरा करना सबका उद्देश्य होना चाहिए। इस मौके पर सचिव जय सिंह भी मौजूद थे।

वंदना की रिपोर्ट