हलफनामे ने खोले राज, RJD प्रत्याशी के पास 67 लाख का सोना, 5.46 करोड़ की संपत्ति, राइफल-रिवॉल्वर भी

Bankipur Bypoll: बिहार की बहुचर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव ने सियासी सरगर्मियां तेज कर दी हैं..

RJD प्रत्याशी के दौलत का खुलासा- फोटो : social Media

Bankipur Bypoll: बिहार की बहुचर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव ने सियासी सरगर्मियां तेज कर दी हैं। नामांकन के आखिरी दौर में राष्ट्रीय जनता दल  की प्रत्याशी रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही चुनाव आयोग में जमा किए गए हलफनामे ने भी राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है, क्योंकि इसमें उम्मीदवारों की दौलत, जेवरात, नकदी, हथियार और शैक्षणिक योग्यता तक का पूरा हिसाब-किताब सामने आ गया है।

हलफनामे के मुताबिक आरजेडी उम्मीदवार रेखा कुमारी के पास 80 हजार रुपये नकद हैं, जबकि उनके पति के पास 1.20 लाख रुपये नकद मौजूद हैं। सबसे ज्यादा चर्चा उनके आभूषणों को लेकर है। शपथ पत्र के अनुसार उनके पास करीब आधा किलो सोना है, जिसकी अनुमानित कीमत 67.72 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा लगभग डेढ़ किलो चांदी भी दर्ज है, जिसकी कीमत 3.75 लाख रुपये बताई गई है।

सिर्फ जेवरात ही नहीं, हलफनामे में हथियारों का भी खुलासा हुआ है। रेखा कुमारी ने अपने नाम पर एनपी बोर (NP Bore) की एक राइफल दर्ज कराई है, जबकि उनके पति के नाम एक रिवॉल्वर दर्ज है। चल संपत्ति की बात करें तो रेखा कुमारी के नाम 81.61 लाख रुपये की संपत्ति है, जबकि उनके पति के पास 53.82 लाख रुपये की चल संपत्ति दर्ज की गई है।

अचल संपत्ति के विवरण में बताया गया है कि रेखा कुमारी के नाम 7,000 वर्गफुट गैर-कृषि भूमि है, जिसकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 2.16 करोड़ रुपये है। पूरे परिवार की अचल संपत्ति का मूल्य लगभग 5.46 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। शैक्षणिक योग्यता के अनुसार रेखा कुमारी स्नातक हैं और उन्होंने वर्ष 2000 में हजारीबाग स्थित राम नारायण मेमोरियल कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की थी। ऐसे में बांकीपुर की सियासी जंग अब सिर्फ नारों और वादों तक सीमित नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की माली हैसियत और सार्वजनिक पारदर्शिता भी मतदाताओं के बीच अहम मुद्दा बनती नजर आ रही है।