Bihar Politics: रवीश कुमार के एनकाउंटर पर सियासत तेज, भाई वीरेंद्र का सरकार पर तीखा हमला, कहा-फर्जी मुठभेड़ों की हो न्यायिक जांच

Bihar Politics: बिहार की सियासी आबोहवा में कानून-व्यवस्था के मसले पर एक बार फिर भूचाल आ गया है।...

रवीश कुमार के एनकाउंटर पर सियासत तेज- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की सियासी आबोहवा में कानून-व्यवस्था के मसले पर एक बार फिर भूचाल आ गया है। राजद के कद्दावर नेता और विधायक भाई वीरेंद्र ने मनेर के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड और मुख्य आरोपी रवीश के पुलिस एनकाउंटर को लेकर सूबे की हुकूमत पर बेहद तल्ख और सनसनीखेज सवाल दागे हैं। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि मौजूदा निजाम में जो भी शख्स हक और ईमानदारी की आवाज बुलंद करेगा, उसकी तकदीर में सिर्फ मौत लिख दी जाएगी।

जिस्मफरोशी के खिलाफ आवाज उठाने की मिली सजा

भाई वीरेंद्र ने बेहद अफसोस जताते हुए कहा कि मजलूम बंटी यादव का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने इलाके में फल-फूल रहे देह व्यापार के गंदे धंधे का पुरजोर विरोध किया था। इस नापाक रैकेट के खिलाफ आवाज उठाने की पादाश में बेखौफ मुल्जिमों ने दिनदहाड़े उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि बंटी के पास न तो कोई कट्टा था और न ही कोई रिवाल्वर। वह निहत्था समाज की भलाई के लिए लड़ रहा था। आज अफसोसनाक मंजर यह है कि जो लोग हाथों में अवैध असलहा लेकर घूमते हैं, उन्हें कुछ तबके 'भगत सिंह' का दर्जा दे रहे हैं और उन पर करोड़ों रुपयों की इनायत हो रही है, लेकिन मनेर के इस सच्चे शहीद बंटी यादव के तबाही-जदा घर का पुरसाहाल लेने वाला कोई नहीं है।

एनकाउंटर की थ्योरी पर शक, खाकी की संलिप्तता का अंदेशा

हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश कुमार के पुलिसिया मुठभेड़ में गोली मारे जाने पर राजद विधायक ने गहरा अंदेशा जाहिर किया है। उन्होंने पुलिस की एनकाउंटर वाली दास्तान को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इस वारदात में खुद महकमे के कुछ लोगों की मिलीभगत हो सकती है, जिसे दफन करने के लिए मुल्जिम का मुंह हमेशा के लिए बंद कर दिया गया।

भाई वीरेंद्र ने दोटूक लफ्जों में मुतालबा किया कि बिहार में हालिया दिनों में जितने भी एनकाउंटर हुए हैं, वे सभी फर्जी मुठभेड़ के दायरे में आते हैं। इसलिए इन सभी मामलों की आला दर्जे की न्यायिक तफ्तीश होनी लाजिमी है। उन्होंने हुंकार भरते हुए एलान किया कि आगामी विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष इस संगीन मामले को सदन की दहलीज पर पूरी शिद्दत से उठाएगा और सरकार को बेनकाब करेगा।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह