Ritlal Yadav: राजद विधायक रीतलाल यादव होंगे गिरफ्तार ! पुलिस ने कसा शिकंजा, 11 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी

Ritlal Yadav: राजद विधायक रीतलाल यादव जल्द ही गिरफ्तार हो सकते हैं। राजद विधायक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शिकंजा कस लिया है। बीते ही दिन राजद विधायक और उनके सहयोगी के 11 ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी की थी। इस दौरान कई साक्ष्य मिले हैं।

Ritlal Yadav: राजद विधायक रीतलाल यादव होंगे गिरफ्तार ! पुलिस ने कसा शिकंजा, 11 ठिकानों पर हुई थी छापेमारी

Ritlal Yadav: लालू यादव के पार्टी राजद से विधायक रीतलाल यादव की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ सकती है। पटना पुलिस ने शुक्रवार को उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापामारी की थी। अब उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पटना पुलिस अब उनके खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट लेने की तैयारी में है। मामले में विधायक समेत उनके परिवार के कई सदस्यों और सहयोगियों को आरोपी बनाया गया है।

गिरफ्तार होंगे राजद विधायक

मामले को लेकर सिटी एसपी (पश्चिमी) शरथ आर. एस. ने बताया कि विधायक रीतलाल यादव वर्तमान में फरार चल रहे हैं। इस मामले में बिल्डर की ओर से एक अहम ऑडियो क्लिप पुलिस को सौंपी गई है, जिसमें कथित तौर पर रंगदारी की बात हो रही है। इस क्लिप की जांच के लिए इसे फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) भेजा जाएगा। मालूम हो कि, पटना पुलिस, एसटीएफ और बीएमपी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को राजद विधायक रीतलाल यादव, उनके बिजनेस पार्टनर सुनील महाजन समेत 11 सहयोगियों के विभिन्न ठिकानों पर करीब छह घंटे तक छापेमारी की। यह कार्रवाई खगौल थाना क्षेत्र के कोधवां स्थित विधायक आवास, अभियंतानगर और अन्य स्थानों पर की गई। वहीं राजद विधायक इस दौरान मौके से फरार हो गए थे। 

विधायक के आवास से मिले छह पेन ड्राइव, कई साक्ष्य बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने विधायक के घर से छह पेन ड्राइव बरामद किए हैं। सूत्रों के अनुसार, इन पेन ड्राइव में भी कई अहम साक्ष्य मौजूद हैं, जो रंगदारी और धमकी के आरोपों को पुख्ता कर सकते हैं। बिल्डर ने एफआईआर में रीतलाल यादव के अलावा उनके भाई पिंकू यादव, साला चीकू, भतीजा धीरज और सहयोगी सुनील महाजन को नामजद किया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। शिकायत के मुताबिक, खगौल थाना क्षेत्र के कोथवां गांव में बिल्डर 18 कट्ठा जमीन पर अपार्टमेंट का निर्माण करा रहा है। बिल्डर का कहना है कि 2023 में भूमि पूजन के तुरंत बाद पिंकू यादव मौके पर पहुंचकर निर्माण गिराने का ठेका लेने लगा। उसने कथित तौर पर 19 लाख रुपये की सामग्री गिरा दी और 33 लाख की वसूली का दबाव बनाया।

दीपावली पर मांगी गई थी 50 लाख की रंगदारी

एफआईआर में यह भी आरोप है कि दीपावली के मौके पर विधायक रीतलाल यादव ने बिल्डर को अपने आवास पर बुलाया और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। काफी मिन्नतों के बाद वह 30 लाख रुपये पर राजी हुए। बिल्डर ने अपने बयान में विधायक और उनके परिजनों पर अन्य धमकियों और दबाव की रणनीति अपनाने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस फिलहाल सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन कार्रवाई शुरू की जा सकती है।

पत्नी ने लगाया गंभीर आरोप

वहीं रीतलाल यादव की पत्नी रिंकू देवी ने पुलिस छापामारी पर बड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनके पति को परेशान करने के लिए ऐसा किया। उनके घर और अन्य जगहों पर कोने कोने की तलाशी ली गई। बावजूद इसके कुछ नहीं मिला। उन्होंने कथित आरोप लगाया की उन लोगों को डर है की पुलिस रीतलाल यादव की हत्या कर सकती है। पुलिस ने जिस तरह से उनके घर पर छापामारी की मानो वह कोई आतंकी या नक्सली हों। उन्होंने पुलिस की पूरी कार्रर्वाई को राजनीति से प्रेरित बताया। 

तेजस्वी ने उठाया सवाल 

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी शनिवार को रीतलाल यादव पर हुई पुलिस छापामारी को लेकर कहा कि बिहार पुलिस पॉलिटिकल टूल बनकर काम कर रही है। पुलिस की सेलेक्टिव कार्रवाई हो रही है। उन्होंने मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह का उदाहरण देकर बताया कि तब उनके ठिकाने पर छापामारी हुई और एके 47 मिलने का दावा किया गया लेकिन बाद में पुलिस ने कोर्ट ने कहा कि कोई सबूत नहीं मिला है। पुलिस को सेलेक्टिव टूल बनकर काम नहीं करना चाहिए।

Editor's Picks