राजद MLC सुनील सिंह की खुली चुनौती- 'विधानसभा में करा दूंगा शराब की डिलीवरी', नल-जल से लेकर पुल-पुलिया तक को बताया कमीशन का अड्डा!
राजद एमएलसी सुनील सिंह ने नीतीश सरकार पर भ्रष्टाचार और शराबबंदी को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सदन में ही शराब मंगवा देने की चुनौती देते हुए कहा कि बिहार की हर योजना में भ्रष्टाचार व्याप्त है।
Patna - राजद एमएलसी सुनील सिंह ने एक बार फिर बिहार की नीतीश सरकार और उसकी नीतियों पर तीखा प्रहार किया है। बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य की योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार और शराबबंदी की विफलता पर गंभीर आरोप लगाए। सुनील सिंह ने चुनौती देते हुए कहा कि बिहार में किसी भी योजना की कल्पना बिना भ्रष्टाचार के नहीं की जा सकती।
'सदन में करा दूंगा शराब की डिलीवरी'
शराबबंदी पर सरकार को घेरते हुए सुनील सिंह ने एक बेहद विवादास्पद और आक्रामक बयान दिया। उन्होंने कहा, "अगर किसी को प्रमाण चाहिए, तो 27 फरवरी को सदन के अंतिम दिन मैं इसी सदन के प्रांगन में शराब की डिलीवरी कराकर दिखा सकता हूँ।" उन्होंने दावा किया कि 2016 में शराबबंदी लागू होने के बाद बिहार में शराब की खपत कम होने के बजाय कई गुना बढ़ गई है और अब शराब से ज्यादा 'सूखा नशा' युवाओं को बर्बाद कर रहा है।
भ्रष्टाचार की 'होम डिलीवरी' का आरोप
सुनील सिंह ने राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं, जैसे 'नल-जल योजना', सड़क निर्माण और पुल-पुलिया के कार्यों में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिहार में हर योजना में भ्रष्टाचार व्याप्त है और इसकी सच्चाई को अब ज्यादा समय तक छुपाया नहीं जा सकता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह शराब की होम डिलीवरी हो रही है, उसी तरह योजनाओं में कमीशन और भ्रष्टाचार का खेल भी खुलेआम चल रहा है।
नीतीश कुमार की तुलना पर तंज
राजद एमएलसी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाज सुधारक की छवि पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कुछ लोग चाहते हैं कि शराबबंदी और दहेज प्रथा के खिलाफ कानून बनाकर उन्हें 'राजा राम मोहन राय' की तरह याद किया जाए, लेकिन हकीकत यह है कि आज भी बिना दहेज के शादियाँ नहीं हो रही हैं।" उन्होंने सरकार की नीतियों को केवल कागजी बताते हुए जमीनी स्तर पर उनकी विफलता को उजागर किया।
बीजेपी और अमित शाह के दौरे पर प्रतिक्रिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे और अंतरराष्ट्रीय सीमा की समीक्षा बैठक पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बीजेपी वर्तमान सरकार में समान रूप से भागीदार है। उन्होंने शाह के दौरे को केवल एक 'समीक्षा का बहाना' बताते हुए इसे आगामी राजनीतिक रणनीति और बंगाल चुनावों से जोड़कर देखा। सुनील सिंह ने कहा कि कोई भी कहीं भी आ-जा सकता है, लेकिन समीक्षा के नाम पर असल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है।
रिपोर्ट - अभिजित सिंह