Bihar Cabinet Expansion: 22 दिन बाद सम्राट कैबिनेट का महाविस्तार, संभावित मंत्रियों को जाने लगे फोन , गांधी मैदान में 30 मंत्री लेंगे शपथ,PM मोदी करेंगे रोड शो
Bihar Cabinet Expansion: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुर्सी संभालने के महज 22 दिन बाद राजधानी पटना का गांधी मैदान सत्ता, रणनीति और सियासी ताकत का सबसे बड़ा अखाड़ा बनने जा रहा है।
Bihar Cabinet Expansion: बिहार की सियासत आज एक नए मंज़िल में दाखिल होने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुर्सी संभालने के महज 22 दिन बाद राजधानी पटना का गांधी मैदान सत्ता, रणनीति और सियासी ताकत का सबसे बड़ा अखाड़ा बनने जा रहा है। NDA सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर पूरे प्रदेश में जबरदस्त हलचल है। 27 से 30 नए मंत्री आज शपथ लेकर नई सरकार का चेहरा तय करेंगे।
इस मेगा शपथ ग्रहण समारोह को सिर्फ कैबिनेट विस्तार नहीं, बल्कि 2029 की सियासी बिसात का ट्रेलर माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय राजनीति का केंद्र बना दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, देर रात पटना पहुंचे अमित शाह ने जदयू नेता ललन सिंह और संजय झा समेत NDA के दिग्गजों के साथ लंबी मंत्रणा कर मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई। इसके बाद देर रात से ही संभावित मंत्रियों को फोन जाने लगे और सत्ता के गलियारों में बेचैनी बढ़ गई।
गांधी मैदान को पूरी तरह राजनीतिक रंग में सजाया गया है। 12 हजार स्क्वायर फीट में जर्मन हैंगर वाला भव्य पंडाल तैयार हुआ है। मुख्य मंच पर राज्यपाल सय्यद अता हसनैन नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। वहीं अलग जनप्रतिनिधि मंच पर विधायक और विधान पार्षद बैठेंगे, जबकि सांस्कृतिक मंच पर बिहार की लोक विरासत की झलक दिखाई जाएगी।
सबसे ज्यादा चर्चा प्रधानमंत्री मोदी के 8 किलोमीटर लंबे रोड शो की है। एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक 16 जगहों पर उनका स्वागत होगा। पटना की सड़कें पोस्टर, बैनर और NDA समर्थकों के नारों से पट चुकी हैं। राजनीतिक जानकार इसे सिर्फ कैबिनेट विस्तार नहीं, बल्कि विपक्ष को सीधा सियासी पैगाम मान रहे हैं बिहार में NDA अब पूरी ताकत के साथ चुनावी रण में उतर चुका है।