Bihar Weather: आंधी-बारिश से सहमा बिहार, 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; बिजली गिरने से मौतें, कई जिलों में तबाही

Bihar Weather: मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।..

Bihar Weather Braces for Storms as Rain Alert Issued in 24 D
बिहार में बदला मौसम बना आफत!- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather:बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बिगड़ चुका है। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और ठनका ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। राहत की बात यह है कि भीषण गर्मी और लू से फिलहाल राहत मिली है, लेकिन बदलते मौसम ने अब नया खतरा पैदा कर दिया है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे बिहार के कई हिस्सों में मौसम बेहद सक्रिय रहेगा। 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। खासकर ग्रामीण इलाकों में ठनका को लेकर ज्यादा सतर्क रहने को कहा गया है।

पिछले 24 घंटे में राजधानी पटना समेत कई जिलों में मौसम ने जमकर कहर बरपाया। देर रात करीब डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया। कई जगह सड़कें धंस गईं और ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। पटना में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे लोगों को मई महीने में अचानक ठंड का एहसास हुआ।

वहीं पूर्णिया में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सुपौल में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके अलावा बगहा, किशनगंज, अररिया और खगड़िया समेत कई जिलों में तेज बारिश और बादलों की आवाजाही जारी रही।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर बिहार और दक्षिण-पूर्व बिहार में गुरुवार को बादल छाए रहेंगे और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। बिजली चमकने के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

लगातार बदलते मौसम ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में तैयार फसल और आम-लीची के बागानों को नुकसान पहुंचने का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।