Patna School Closed: पटना के स्कूल आज रहेंगे बंद,सम्राट कैबिनेट के शपथ ग्रहण के कारण ट्रैफिक पाबंदी से टले टेस्ट और बदली परीक्षा तिथि,ऑनलाइन होंगी क्लासेस

Patna School Closed: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेगा रोड शो को लेकर लागू ट्रैफिक पाबंदियों के कारण अधिकांश स्कूल बंद कर दिए गए हैं....

Patna Schools Shut Today Amid Samrat Cabinet Oath Event
पटना के स्कूल आज रहेंगे बंद- फोटो : social Media

Patna School Closed: बिहार की राजधानी पटना में आज होने जा रहे सत्ता के सबसे बड़े सियासी आयोजन का असर अब बच्चों की पढ़ाई तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेगा रोड शो को लेकर लागू ट्रैफिक पाबंदियों ने शहर की रफ्तार थाम दी है। हालात ऐसे बन गए हैं कि राजधानी के अधिकांश निजी स्कूलों ने गुरुवार को अपने शिक्षण कार्य पर अस्थायी विराम लगा दिया है।

गांधी मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जारी ट्रैफिक प्लान के तहत शहर की कई प्रमुख सड़कें बंद रहेंगी। इसी वजह से स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा और आने-जाने में होने वाली परेशानियों को देखते हुए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है।

सबसे ज्यादा असर गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में स्थित नामी स्कूलों पर पड़ा है। संत जेवियर्स हाईस्कूल, क्राइस्ट चर्च डायोसेशन स्कूल, संत जोसेफ कॉन्वेंट हाईस्कूल, संत कैरेंस हाईस्कूल, संत डोमेनिक हाईस्कूल और संत माइकल हाईस्कूल समेत कई बड़े निजी स्कूल गुरुवार को बंद रहेंगे।

वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल समेत कई अन्य निजी शिक्षण संस्थानों ने इंटरनल टेस्ट और यूनिट टेस्ट को भी स्थगित कर दिया है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि ट्रैफिक डायवर्जन और वीवीआईपी मूवमेंट के कारण छात्रों और अभिभावकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता था।

हालांकि पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित न हो, इसके लिए कई स्कूलों ने ऑनलाइन क्लासेस का सहारा लिया है। अभिभावकों और विद्यार्थियों को मैसेज भेजकर सूचित किया गया है कि सुबह 8 बजे से 11:30 बजे तक वर्चुअल क्लास संचालित की जाएंगी।

राजधानी में सत्ता के इस मेगा शो का असर अब सिर्फ सियासत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्कूल, ट्रैफिक और आम जनजीवन भी इसकी जद में आ चुका है। पटना आज पूरी तरह राजनीतिक गतिविधियों के रंग में रंगा नजर आ रहा है।