‘बिहार को पुलिस स्टेट बनाना चाहते हैं सम्राट चौधरी’, मधुबनी जेल में युवक की मौत पर तेजस्वी का हमला

तेजस्वी यादव ने मधुबनी जेल में रोशन यादव की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना पुलिस की अमानवीयता का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि रोशन को पुलिस द्वारा कथित तौर पर करंट लगाए जाने की बात सामने आई है।

Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को मधुबनी रवाना होने से पहले पटना में तेजस्वी यादव ने कहा कि “मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार को पुलिस स्टेट बनाना चाहते हैं।” उन्होंने मधुबनी की रामपट्टी जेल में 19 वर्षीय रोशन यादव की मौत को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है और सरकार अपराध पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस की कार्रवाई के जरिए पूरे राज्य में भय का माहौल पैदा करना चाहती है।


‘पुलिस की अमानवीयता के कारण हुई रोशन की मौत’

तेजस्वी यादव ने मधुबनी जेल में रोशन यादव की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना पुलिस की अमानवीयता का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि रोशन को पुलिस द्वारा कथित तौर पर करंट लगाए जाने की बात सामने आई है। तेजस्वी ने कहा कि उनकी रोशन यादव के परिजनों से बात हुई है। परिजनों ने उन्हें बताया है कि पुलिस की बर्बरता के कारण रोशन की मौत हुई।

उन्होंने कहा कि वह खुद मधुबनी जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और पूरे मामले की जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि परिजनों से मिलने के बाद वह जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग रखेंगे।


10 अगस्त को जेल में मौत का मामला

मामला मधुबनी जिले की रामपट्टी जेल का है, जहां 19 वर्षीय रोशन यादव की 10 अगस्त को मौत हो गई थी। अधिकारियों के अनुसार, रोशन ने कथित तौर पर जेल के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि, उसके परिजनों ने पुलिस के इस दावे पर सवाल उठाए हैं। परिजनों ने युवक के शरीर पर मिले कई निशानों का हवाला देते हुए उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। इसी को लेकर परिवार की ओर से मामले की जांच पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।


आर्म्स एक्ट के मामले में जेल में था रोशन

अधिकारियों के मुताबिक, रोशन यादव के खिलाफ शस्त्र अधिनियम से जुड़ा मामला दर्ज था और वह 27 मई से जेल में बंद था। अधिकारियों ने बताया कि मई के अंत में उसे कुछ समय के लिए रिहा किया गया था, लेकिन कुछ ही घंटे बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।


अब उसकी जेल में हुई मौत को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है। तेजस्वी यादव ने सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।

रंजन की रिपोर्ट