सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित परिजनो और स्थानीय लोगों ने रोड जामकर किया हंगामा
प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा। राज्य के किसी न किसी जिले से सड़क दुर्घटना में मौत की खबर मिलना आम बात हो गई है। ताजा मामला नवादा जिले से सामने आया है, जहां तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली है....
Nawada : जिले में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रोह रोड को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
इलाज के दौरान सदर अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों में मचा कोहराम
घटना हिसुआ थाना क्षेत्र के बुधौली मोड़ के पास की है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रोह मुसहरी गांव निवासी भीम मांझी का 20 वर्षीय पुत्र बदल मांझी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे नवादा सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
दोस्त को छोड़ने गया था युवक, लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
बताया जा रहा है कि बदल मांझी अपने दोस्त को उसकी ससुराल पहुंचाने के लिए बाइक से गया हुआ था। दोस्त को सुरक्षित पहुंचाने के बाद जब वह अकेला अपने घर लौट रहा था, तभी बुधौली मोड़ के पास अनियंत्रित वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार होने में कामयाब रहा।
तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग
हादसे से गुस्साए लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कोई प्रशासनिक नियंत्रण नहीं है, जिसके कारण आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाग्रस्त करने वाले वाहन और उसके चालक की तुरंत पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट