Bihar Politics: सम्राट सरकार का सुशासन, सख्ती और समृद्ध बिहार का नया विजन, एक महीने में 8 बड़े निर्णय, पढ़िए चौधरी हुकूमत के न्याय के साथ विकास की ओर तेज कदम की इनसाइड स्टोरी

Bihar Politics: सीएम सम्राट चौधरी ने पहले महीने में हीं 8 बड़े निर्णयों से समृद्ध बिहार का नया विज़न पेश किया है। पढ़िए धीरेंद्र कुमार की स्पेशल रिपोर्ट...

समृद्ध बिहार की तरफ सम्राट सरकार के तेज कदम- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की सियासत में सत्ता परिवर्तन के बाद अब नई सरकार अपने फैसलों और कार्यशैली से नई पहचान गढ़ने की कोशिश में जुटी है। 15 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले सम्राट चौधरी ने महज एक महीने के भीतर कई ऐसे अहम फैसले लिये हैं, जिनका सीधा संबंध विकास, सुशासन, पारदर्शिता और कानून व्यवस्था से जुड़ा हुआ है। जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत और न्याय के साथ विकास की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए सम्राट चौधरी ने समृद्ध बिहार के विजन को जमीन पर उतारने की शुरुआत कर दी है।

एनडीए सरकार की चार कैबिनेट बैठकों में लिये गये फैसलों ने यह संकेत दिया है कि सरकार प्रशासनिक सख्ती, भ्रष्टाचार पर लगाम और बुनियादी विकास को प्राथमिकता देने के मूड में है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार खुद को एक सख्त प्रशासक और तेज निर्णय लेने वाले नेता के रूप में स्थापित करने में लगे हैं। यही वजह है कि एक ओर अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति दिखाई दे रही है, तो दूसरी ओर शिक्षा, महिला सुरक्षा और शहरी विकास जैसे मुद्दों पर बड़े कदम उठाये गये हैं।

10 जिलों में 11 सैटेलाइट टाउनशिप का ब्लूप्रिंट

सम्राट सरकार के सबसे चर्चित और महत्वाकांक्षी फैसलों में बिहार के 10 जिलों में 11 सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना शामिल है। यह परियोजना मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में गिनी जा रही है। इन टाउनशिप को पूरी तरह प्लांड तरीके से विकसित किया जायेगा, जहां चौड़ी सड़कें, हरियाली, पार्क, बाजार और आवासीय क्षेत्र सुनियोजित ढंग से तैयार किये जायेंगे।

सरकार का मानना है कि इससे बड़े शहरों पर बढ़ता शहरी दबाव कम होगा और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी। सासाराम को भी इस परियोजना में शामिल करने का प्रस्ताव सामने आया है। खास बात यह है कि इन टाउनशिप का नामकरण बिहार के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भों को ध्यान में रखकर किया जायेगा, ताकि आधुनिकता के साथ विरासत की झलक भी बनी रहे।

अपराध पर सख्ती से बन रही नई छवि

सम्राट चौधरी लगातार कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं। हिनीयस क्राइम के मामलों में पुलिस को जीरो टॉलरेंस अपनाने का निर्देश दिया गया है। हाल के दिनों में एनकाउंटर की घटनाओं ने भी सरकार की सख्त कार्यशैली को चर्चा में ला दिया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय में भी बदलाव किये गये हैं, जिनमें नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले अधिकारियों का ट्रांसफर शामिल है। इसे प्रशासनिक नियंत्रण मजबूत करने और नई कार्यशैली लागू करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

पुलिस दीदी योजना से छात्राओं को सुरक्षा कवच

महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सम्राट सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस दीदी योजना के तहत कॉलेजों और स्कूलों के आसपास महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी। इसके लिए 1500 स्कूटी खरीदने का निर्णय लिया गया है, ताकि महिला पुलिसकर्मी तेज़ी से गश्त कर सकें। सरकार का उद्देश्य रोड साइड रोमियो, छेड़खानी और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर लगाम लगाना है। यह योजना सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस और समाज के बीच भरोसे का रिश्ता मजबूत करने की भी कोशिश है। सियासी गलियारों में इसे महिला सुरक्षा के मोर्चे पर सरकार का बड़ा संदेश माना जा रहा है।

सहयोगी त्रिवेणी से जनता को राहत

सरकार ने सुशासन और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए सहयोगी त्रिवेणी की शुरुआत का ऐलान किया है। इसके तहत सहयोग हेल्पलाइन 1100, सहयोग पोर्टल और पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर लगाने की व्यवस्था की गयी है। हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को लगने वाले इन शिविरों में ब्लॉक, थाना और अंचल स्तर की शिकायतों की सुनवाई होगी। सबसे अहम बात यह है कि सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए 30 दिन की समय सीमा तय की गयी है। अगर तय समय के भीतर शिकायत का समाधान नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ निलंबन तक की कार्रवाई हो सकती है।यह फैसला साफ संकेत देता है कि सम्राट सरकार प्रशासनिक ढिलाई और लालफीताशाही पर अंकुश लगाने के मूड में है।

शिक्षा व्यवस्था में बड़ा निवेश

सम्राट सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में भी कई बड़े फैसले लिये हैं। राज्य के सभी जिला स्कूलों और प्रत्येक प्रखंड के एक चयनित उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए 800 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गयी है।इसके साथ ही जिन 208 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां नये डिग्री कॉलेज खोलने का फैसला लिया गया है। इसके लिए 104 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गयी है। इस योजना के तहत 9152 नये पदों का सृजन होगा।सरकार का दावा है कि इससे ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में उच्च शिक्षा की पहुंच मजबूत होगी और युवाओं को अपने ही जिले में बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।

निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम

सम्राट सरकार ने निजी स्कूलों में फीस और अन्य शुल्कों की मनमानी पर भी सख्त रुख अपनाया है। अब निजी विद्यालयों को फीस स्ट्रक्चर सार्वजनिक करना अनिवार्य होगा। मनमाने तरीके से फीस बढ़ोतरी और अनावश्यक शुल्क वसूली पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

सरकार ने यह भी साफ किया है कि अभिभावक किताबें और यूनिफॉर्म कहीं से भी खरीद सकते हैं। स्कूल उन्हें किसी विशेष दुकान से सामान खरीदने के लिए मजबूर नहीं कर सकेंगे। फीस बकाया होने की स्थिति में भी छात्रों को परीक्षा और रिजल्ट से वंचित नहीं किया जायेगा।यह फैसला मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

बिहार के ठेकेदारों को प्राथमिकता

राज्य सरकार ने बिहार लोक निर्माण संहिता में संशोधन करते हुए 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी सिविल कार्यों में राज्य के ठेकेदारों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है।सरकार का तर्क है कि इससे स्थानीय संवेदकों को काम मिलेगा, राज्य में रोजगार बढ़ेगा और बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राजनीतिक तौर पर इसे लोकल को बढ़ावा देने वाली नीति के रूप में देखा जा रहा है।

ई-निबंधन सिस्टम से पारदर्शिता

जमीन और संपत्ति की रजिस्ट्री प्रक्रिया को पूरी तरह पेपरलेस बनाने के लिए सरकार ने ई-निबंधन सिस्टम लागू किया है। इसका मकसद भ्रष्टाचार कम करना, समय बचाना और प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है। इसके साथ ही 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए घर बैठे रजिस्ट्री सुविधा देने का भी फैसला लिया गया है। अब बुजुर्गों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस फैसले को जनसरोकार से जुड़ा संवेदनशील कदम माना जा रहा है।

सनातन संस्कृति और धार्मिक जुड़ाव

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का मंदिर भ्रमण और धार्मिक स्थलों से गहरा संबंध राज्य में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का पैगाम माना जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का मंदिर भ्रमण और धार्मिक स्थलों से गहरा संबंध राज्य में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का पैगाम माना जा रहा है। वे महावीर मंदिर, बड़ी-छोटी पटन देवी जैसे पवित्र स्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना करते हैं और प्राचीन विरासत के संरक्षण पर जोर देते हैं। उनका मानना है कि मंदिरों का जीर्णोद्धार केवल इमारतों की तामीर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय अस्मिता और सांस्कृतिक शान की बहाली है। बोधगया और विष्णुपाद कॉरिडोर जैसी योजनाएं धार्मिक सियासत के साथ-साथ पर्यटन को भी नई रफ़्तार दे रही हैं।

कानून-व्यवस्था पर सख्त रवैया

राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने जीरो टॉलरेंस' की पॉलिसी अपनाई है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस को फ्री हैंड और सख्त कार्रवाई की छूट दी गई है। ऑपरेशन लंगड़ा और एनकाउंटर के जरिए  हिंसा  फैलाने वाले अपराधियों पर नकेल कसी जा रही है। 48 घंटे के भीतर जवाब देने का अल्टीमेटम प्रशासनिक सख्ती का तौहफा है, जिससे अपराधियों में खौफ कायम हो रहा है।राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार ने जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी अपनाई है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस को फ्री हैंड और सख्त कार्रवाई की छूट दी गई है। ऑपरेशन लंगड़ा और एनकाउंटर के जरिए  हिंसा  फैलाने वाले अपराधियों पर नकेल कसी जा रही है। 48 घंटे के भीतर जवाब देने का अल्टीमेटम प्रशासनिक सख्ती का तौहफा है, जिससे अपराधियों में खौफ कायम हो रहा है।

सम्राट सरकार की दिशा पर सियासी नज़र

एक महीने के भीतर लिये गये फैसलों से यह साफ हो रहा है कि सम्राट चौधरी खुद को सिर्फ राजनीतिक उत्तराधिकारी नहीं, बल्कि निर्णायक प्रशासक के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। विकास, सुशासन, महिला सुरक्षा, शिक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता के मुद्दों पर सरकार ने तेज़ी दिखायी है। हालांकि विपक्ष इन फैसलों को लेकर सवाल भी उठा रहा है और जमीन पर इनके असर को लेकर निगाहें टिकी हुई हैं। लेकिन फिलहाल इतना तय है कि बिहार की राजनीति में सम्राट सरकार ने अपने पहले महीने में ही विकास और सख्ती की नई पटकथा लिखने की कोशिश शुरू कर दी है।

धीरेंद्र कुमार की स्पेशल रिपोर्ट