Bihar Politics: संजय झा ने INDIA गठबंधन की खोल दी पूरी पोल, सोनिया गांधी के नीतीश कुमार को कमजोर बताने पर भड़के जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया ‘माइनस कांग्रेस’ का ये रहस्य

Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने इंडिया गठबंधन के गठन और उससे नीतीश कुमार के अलग होने को लेकर बयान दिया है। ...

संजय झा ने बताया ‘माइनस कांग्रेस’ का रहस्य- फोटो : X

Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने इंडिया गठबंधन के गठन और उससे नीतीश कुमार के अलग होने को लेकर बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन के कई घटक दल कांग्रेस को बाहर रखकर ‘माइनस कांग्रेस’ मोर्चा बनाना चाहते थे, लेकिन नीतीश कुमार इसके पक्ष में नहीं थे। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार की राय थी कि कांग्रेस के बिना विपक्षी एकजुटता अधूरी रहेगी। इसी सोच के तहत कांग्रेस को साथ लेकर इंडिया गठबंधन की बुनियाद रखी गई।

संजय झा ने यह बयान सोनिया गांधी की आत्मकथा में नीतीश कुमार के गठबंधन छोड़ने की वजह को लेकर की गई टिप्पणी के संदर्भ में दिया। सोनिया गांधी ने लिखा है कि कमजोरी के कारण नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन से अलग हुए। इस पर पलटवार करते हुए संजय झा ने सवाल उठाया कि गठबंधन की शुरुआत किसने की थी। उन्होंने याद दिलाया कि पटना में पहली बैठक नीतीश कुमार ने आयोजित की थी और अलग-अलग राज्यों में विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने के लिए उन्होंने पहल की थी।

झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन को आकार देने में भूमिका निभाई थी। उनके अनुसार, गठबंधन छोड़ने के पीछे कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली और स्वरूप से जुड़ी असहमति थी। उन्होंने इसे परिवार-केंद्रित गठबंधन बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार को लगा कि यह स्वस्थ राजनीतिक गठबंधन नहीं रह गया है। संजय झा ने कहा कि सोनिया गांधी को नीतीश कुमार के बारे में ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी।

बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के भीतर कथित खटपट के सवाल पर संजय झा ने मतभेद से इनकार किया। उन्होंने कहा कि एनडीए के घटक दल एकजुट हैं और मिलकर सरकार तालमेल के साथ लगातार चल रही है। उनके मुताबिक, बिहार में सब कुछ ठीक है और गठबंधन में परेशानी नहीं है।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह