Bihar News: रिहायशी इलाके की दुकान में लगी आग, विकराल रुप देख भागने लगे लोग
Bihar News: रिहायशी इलाके की एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया...
Bihar News: मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के कल्याणी चौक स्थित केदारनाथ रोड पर बुधवार अहले सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रिहायशी इलाके की एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया और दहशत फैल गई। आग की लपटों में दुकान का सामान जलकर राख होने लगा। इस हादसे में दो दुकानें पूरी तरह जल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद लोग उसे बुझाने की कोशिश में जुट गए। इसी दरम्यान दुकान में रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में आ गया और धू-धू कर जलने लगा। सिलेंडर में आग लगते ही लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। रिहायशी इलाका होने के कारण आसपास के मकानों में रहने वाले लोग भी सहम गए और बाहर निकल आए।
घटना की इत्तिला मिलते ही नगर थाना पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस के साथ पुलिस दीदी की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को खबर दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।बताया जा रहा है कि जिस दुकान में आग लगी, उसके ऊपर बने मकान में आधा दर्जन से अधिक लोग सो रहे थे। आग के बीच उनके फंसने की आशंका से स्थानीय लोग परेशान हो उठे। हालांकि, बगल के मकान के रास्ते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस तरह बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नगर थाना पुलिस ने बताया कि कल्याणी चौक पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अग्निशमन विभाग को सूचित किया। दमकल टीम ने आग बुझा दी। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा