Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव पर NDA का शक्ति प्रदर्शन, संजय झा बोले- अभिषेक कुमार हमारे साझा उम्मीदवार, पूरा गठबंधन एकजुट, राहुल-तेजस्वी पर साधा निशाना

Bankipur Bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की सियासत तेज़ हो गई है। एनडीए ने इसे एकजुटता दिखाने का मौका बना लिया है।...

बांकीपुर उपचुनाव पर NDA का शक्ति प्रदर्शन- फोटो : reporter

Bankipur Bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की सियासत तेज़ हो गई है। एनडीए ने इसे एकजुटता दिखाने का मौका बना लिया है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने साफ कर दिया है कि बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार पूरे एनडीए के प्रत्याशी हैं और गठबंधन के सभी घटक दल उनके समर्थन में मैदान में उतरेंगे।

संजय झा ने कहा कि उम्मीदवार को लेकर एनडीए में किसी तरह का कोई भ्रम नहीं है। उन्होंने कहा कि अभिषेक कुमार बीजेपी के प्रत्याशी हैं और गठबंधन के सभी पांचों घटक दल उनके साथ खड़े हैं। उनके मुताबिक, नामांकन कार्यक्रम में एनडीए के सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन के बाद होने वाली सभा में भी गठबंधन के नेता शामिल होंगे और पूरी ताकत के साथ चुनावी अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

जदयू नेता ने यह भी बताया कि अभिषेक कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी और उन्हें मुख्यमंत्री का पूरा आशीर्वाद मिला है। उन्होंने कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में सरकार मजबूती से काम कर रही है।वहीं, कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए संजय झा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बिहार से कोई वास्तविक जुड़ाव नहीं है। संजय झा ने आरोप लगाया कि बिहार की जनता और यहां के मुद्दों से कांग्रेस नेतृत्व का सरोकार नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि बांकीपुर चुनाव में कांग्रेस किसके साथ खड़ी है और क्या इंडिया गठबंधन अब भी अस्तित्व में है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन पूरी तरह बिखर चुका है, जबकि एनडीए एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतर रहा है। उनके मुताबिक, गठबंधन की ताकत ही एनडीए की सबसे बड़ी मजबूती है।

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के विदेश दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय झा ने कहा कि बांकीपुर में उम्मीदवार आरजेडी का है और अभी चुनाव के लिए समय बाकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव विदेश से लौट आएंगे, लेकिन चुनावी मैदान में एनडीए पूरी तैयारी के साथ उतर चुका है।बांकीपुर उपचुनाव अब केवल उम्मीदवारों की लड़ाई नहीं रह गया है, बल्कि गठबंधन की ताकत, विपक्ष की एकजुटता और बिहार की सियासी दिशा को लेकर भी बड़ा संदेश देने वाला चुनाव बनता जा रहा है।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह