बिहार विधानसभा के नए प्रभारी सचिव के रुप में संजय कुमार सिंह ने संभाला पदभार, अधिकारियों और कर्मियों ने दी शुभकामनाएं

बिहार विधानसभा के पूर्व निदेशक-सह-प्रभारी सचिव पूनम सिन्हा की सेवानिवृत्ति के पश्चात संजय कुमार सिंह को इस पद की जिम्मेवारी दी गई है। संजय कुमार सिंह ने नये प्रभारी सचिव के रुप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है......

बिहार विस के नए प्रभारी सचिव के रुप में संजय कुमार सिंह ने संभाला पदभार- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने विधानसभा सचिवालय में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संजय कुमार सिंह को प्रभारी सचिव के रूप में कार्य करने हेतु प्राधिकृत किया है। यह निर्णय पूर्व निदेशक-सह-प्रभारी सचिव पूनम सिन्हा की सेवानिवृत्ति के पश्चात लिया गया है। संजय कुमार सिंह ने 1 सितंबर 2026 के पूर्वाह्न से आधिकारिक तौर पर अपना नया कार्यभार संभाल लिया है।


1993 से शुरू हुआ था प्रशासनिक सफर, वर्तमान में सबसे वरिष्ठ अधिकारी

नवनियुक्त प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह वर्तमान में बिहार विधानसभा सचिवालय में वरिष्ठतम पदाधिकारी हैं। उन्होंने वर्ष 1993 में जनसंपर्क पदाधिकारी (राजपत्रित पदाधिकारी) के रूप में विधानसभा सचिवालय में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। इसके बाद उन्होंने संयुक्त निदेशक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव से सचिवालय को योगदान दिया।


मुख्य भवन स्थित सचिव कक्ष में किया पदभार ग्रहण

प्राधिकृत आदेश जारी होने के उपरांत संजय कुमार सिंह ने बिहार विधानसभा के मुख्य भवन स्थित सचिव के कार्यालय कक्ष में पहुंचकर औपचारिक रूप से प्रभारी सचिव का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने सचिवालयीय कार्यों की समीक्षा की और शासकीय कार्यों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादित करने की प्रतिबद्धता जताई।


सचिवालय अधिकारियों और कर्मियों ने दी शुभकामनाएं

पदभार ग्रहण करने के इस विशेष अवसर पर बिहार विधानसभा सचिवालय के तमाम वरीय अधिकारियों, जनसंपर्क शाखा के कर्मियों और कर्मचारियों ने सचिव कक्ष में उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी तथा उनके सफल एवं प्रभावी कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त कीं।


विधानसभा के प्रशासनिक संचालन को मिलेगी नई दिशा

अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार द्वारा सबसे वरिष्ठ अधिकारी पर भरोसा जताए जाने से विधानसभा के प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता और दक्षता बनी रहेगी। श्री सिंह के वृहद अनुभव का लाभ सचिवालयीय प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने तथा आगामी सत्रों के संचालन को व्यवस्थित रूप देने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।


नरोत्तम की रिपोर्ट