सारण में SVU का बड़ा एक्शन: छपरा के अधीक्षण अभियंता पर FIR, 3 करोड़ से अधिक की अकूत संपत्ति उजागर
छपरा में पदस्थापित लघु जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के खिलाफ ₹3.01 करोड़ से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज। पटना, गोपालगंज और मुंबई समेत कई ठिकानों पर छापेमारी में लाखों नकद, 76 लाख के गहने और जमीनों के दस्तावेज मिले।
बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों पर SVU का कड़ा प्रहार जारी है इसी क्रम में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लघु जल संसाधन विभाग, अंचल छपरा (सारण) के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या-25/2026, दिनांक 10.09.2026 के तहत दर्ज यह प्राथमिकी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की प्रासंगिक धाराओं के तहत दर्ज की गई है। इस पूरे मामले की कमान अनुसंधानकर्ता पुलिस उपाधीक्षक राजन प्रसाद सिंह संभाल रहे हैं।
2008 में सेवा में आए, जुटाई ₹3.01 करोड़ की काली कमाई
प्राथमिक जांच और सत्यापन से पता चला है कि राजेंद्र कुमार ने वर्ष 2008 में सरकारी सेवा में प्रवेश किया था। अपने विभिन्न पदों पर तैनाती के दौरान उन्होंने अपने वैध वेतन और ज्ञात आय स्रोतों की तुलना में असीमित अवैध संपत्ति अर्जित की। शुरुआती सत्यापन में उनके पास ₹3,01,87,108 मूल्य की अप्रत्यानुपातिक (आय से अधिक) संपत्ति पाए जाने की पुष्टि हुई है।
'मनी लॉन्ड्रिंग' और 'लेयरिंग' के जरिए रिश्तेदारों के खातों का इस्तेमाल
जांच में खुलासा हुआ है कि राजेंद्र कुमार ने काली कमाई को छिपाने और वैध दर्शाने के लिए 'लेयरिंग' (Layering) का तरीका अपनाया। उन्होंने अपनी माता, बहन और बहनोई के बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये का लेनदेन किया। इस अवैध नेटवर्क की बदौलत उन्होंने पटना, बिन्दौल (विक्रम), नवादा, गोपालगंज और मुंबई (महाराष्ट्र) में बहुमूल्य अचल संपत्तियां खरीदीं।
पटना, छपरा, गोपालगंज और मुंबई के ठिकानों पर छापेमारी
विशेष निगरानी न्यायालय (पटना) से तलाशी वारंट हासिल करने के बाद SVU की टीमों ने 11.09.2026 को एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। इनमें महावीर कॉलोनी बेउर (पटना) स्थित उनका आवास, जक्कनपुर (पटना) में सास का घर, मुंबई के गोरेगांव स्थित बहन का फ्लैट, छपरा व पटना स्थित उनके कार्यालय, और गोपालगंज स्थित पैतृक घर शामिल हैं।
₹3.34 करोड़ से अधिक के अचल जमीनों व फ्लैटों के मिले कागजात
छापेमारी के दौरान अभियुक्त, उनकी पत्नी कंचन कुमारी और माता सुनैना देवी के नाम पर दर्ज ढेरों प्लॉट और फ्लैट के दस्तावेज बरामद हुए हैं। गोपालगंज में कई बीघा जमीनों के अलावा पटना के चितकोहरा, बिन्दौल, नवादा, और मुंबई के रायगढ़ में 1.61 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के भू-खंड के सेल डीड (रजिस्ट्री कागजात) पाए गए हैं, जिनकी कुल कीमत ₹3,34,57,000 से अधिक आंकी गई है।
लाखों रुपये नकद, 76 लाख के गहने और महंगे वाहनों के बिल बरामद
तलाशी अभियान में सोनपुर में जमीन खरीद हेतु ₹18 लाख के दस्तावेज और दूसरे प्लॉट के लिए ₹39 लाख भुगतान की रसीद बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त ₹1,96,000 नकद, लगभग ₹76,00,000 मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, महंगी गाड़ियों की खरीद से जुड़े वाउचर और लक्जरी सामानों के कई बिल जब्त किए गए हैं।
भारतीय स्टेट बैंक के 6 खातों समेत कई वित्तीय लेनदेन खंगाले जा रहे
SVU को अभियुक्त राजेंद्र कुमार, उनकी पत्नी और माता के नाम से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में 6 बैंक खातों के अलावा अन्य बैंकों में भी खातों की जानकारी मिली है। अधिकारियों का मानना है कि इन खातों की गहन जांच से करोड़ों रुपये के अतिरिक्त वित्तीय लेनदेन का पर्दाफाश हो सकता है। फिलहाल उनके पटना आवास पर विस्तृत छानबीन जारी है।
पटना से रंजीत की रिपोर्ट