पटना नगर निगम की स्टैंडिंग कमिटी की बैठक में कई अहम प्रस्ताव मंजूर, विकास के लिए खास योजना तैयार

standing committee meeting of Patna Municipal Corporation- फोटो : news4nation

Patna :  पटना नगर निगम की स्टैंडिंग कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास, राजस्व संग्रह, सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक की अध्यक्षता मेयर सीता साहू ने की। बैठक में उप महापौर रेश्मी चंद्रवंशी, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य तथा विभिन्न वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे। इस दौरान नगर निगम की कार्ययोजनाओं और भविष्य की विकास रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, राजस्व संग्रह बढ़ाने तथा पटना के सौंदर्यीकरण से संबंधित कई एजेंडों को स्वीकृति दी गई। सदस्यों ने निगम की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न सुझाव भी रखे।


चर्चा के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए नए उपायों को लागू किया जाए, ताकि विकास योजनाओं को गति मिल सके। इसके साथ ही शहर में स्वच्छता अभियान को और मजबूत करने तथा कचरा प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।


नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बैठक में निगम की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि पटना को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।


बैठक के अंत में नगर निगम प्रशासन ने शहर के समग्र विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई। निगम अधिकारियों ने कहा कि स्टैंडिंग कमिटी के सुझावों और निर्णयों के आधार पर आगामी दिनों में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को जमीन पर उतारा जाएगा।
वंदना की रिपोर्ट