पटना की सड़कों पर खतरनाक बाइक स्टंट के खिलाफ सख्त पुलिस कार्रवाई, दो अलग-अलग FIR दर्ज

राजधानी पटना मे बाइक स्टंट करने वालों की अब खैर नहीं है। पुलिस ने इनके खिलाफ शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। पटना के मरीन ड्राइव पर खतरनाक स्टंट करने वालों की पहचना कर पुलिस अब उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरु कर दी है.......

बाइक स्टंट करने वालों की अब खैर नहीं- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना के मरीन ड्राइव और आसपास के इलाकों में सड़कों पर खतरनाक बाइक स्टंट करने वाले चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्टंट वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक (यातायात) के निर्देश पर बाईपास यातायात थाना और गांधी मैदान यातायात थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई हैं। इसके साथ ही आरोपी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (DL) रद्द/निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। 


पहला मामला: कच्ची दरगाह से राघोपुर पुल क्षेत्र (बाईपास थाना) 

बाईपास यातायात थाना क्षेत्र के अंतर्गत कच्ची दरगाह से राघोपुर पुल इलाके में एक वाहन चालक द्वारा जानलेवा स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाईपास यातायात थाने में BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 


दूसरा मामला: मरीन ड्राइव-कृष्णा घाट क्षेत्र (गांधी मैदान थाना) 

गांधी मैदान यातायात थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरीन ड्राइव (कृष्णा घाट के पास) सड़क पर बिना हेलमेट लापरवाही और खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट करने का एक अन्य वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुआ था। पुलिस जांच में सोशल मीडिया आईडी (queen peeyu1296) और यामाहा MT-15 बाइक (BR30AR-2174) के जरिए आरोपी चालक की पहचान कर गांधी मैदान यातायात थाने में BNS धारा 281 के तहत केस (संख्या 223/26) दर्ज किया गया है। 


सख्त संदेश और आमजन से पुलिस की अपील 

यातायात पुलिस पटना ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मरीन ड्राइव या शहर के किसी भी प्रमुख मार्ग पर आम लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी स्टंटबाज़ी की सूचना या वीडियो तुरंत पटना यातायात पुलिस के साथ साझा करें। 


रंजीत की रिपोर्ट